Home, State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

भाजपा ने राज्यसभा के लिए 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की

नई दिल्ली डेस्क/ नौ राज्यों में राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को अपने 12 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। पार्टी की सूची में केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू, निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, चौधरी बीरेंद्र सिंह, और मुख्तार अब्बास नकवी के नाम भी शामिल हैं।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने जिन अन्य नामों पर मुहर लगाई है उनमें ओम प्रकाश माथुर, हर्षवर्धन सिंह, अनिल माधव दवे, राम कुमार वर्मा, पुरुषोत्तम रूपाला, रामविचार नेताम और गोपाल नारायण सिंह शामिल हैं।

नायडू, माथुर, हर्षवर्धन और वर्मा को राजस्थान से नामित किया गया है जबकि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह को हरियाणा से दोबारा नामित किया गया है।

केंद्रीय उर्जा मंत्री पीयूष गोयल को महाराष्ट्र से दोबारा नामित किया गया है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री सीतारमण को कर्नाटक से नामित किया गया है। पहले वह आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य थीं।

केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री नकवी को झारखंड से नामित किया गया है। पहले वह उच्च सदन में उत्तर प्रदेश से प्रतिनिधि थे। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम रूपाला को गुजरात से नामित किया गया है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री रामविचार नेताम को उनके गृह राज्य से ही नामित किया गया है। अनिल दवे को मध्य प्रदेश से दोबारा नामित किया गया है जबकि बिहार के पूर्व भाजपा अध्यक्ष गोपाल नारायण सिंह को बिहार से ही नामित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *