Home, हिंदी न्यूज़

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का सबसे सही चेहरा वरुण गांधी हो सकते हैं- शत्रुघ्‍न सिन्हा

दिल्ली डेस्क/ अभिनेता और भाजपा सांसद शत्रुघ्‍न सिन्हा का साथ वरुण गांधी को मिला है। भाजपा सांसद श्यामा चरण गुप्ता की तरफ से आरोप लगाए जाने के बाद सिन्हा ने वरुण गांधी को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की वकालत की है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि मेरे हिसाब से प्रदेश में भाजपा का सबसे सही चेहरा वरुण गांधी हो सकते हैं। वह एक युवा नेता हैं और लोगों का प्यार उन्हें प्राप्त है।

इलाबाहाद में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के दौरान सांसद वरुण गांधी के समर्थन में पोस्टर लगाने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी आलाकमान ने फटकार लगाई है। जानकारी के अनुसार प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने पोस्टर लगाने वाले दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

सिन्हा ने कहा कि वरुण को मौका दिया जाना चाहिए और जल्द से जल्द उनके नाम का ऐलान पार्टी को करना चाहिए। बैठक में वरुण समर्थकों ने जिस तरह से यूपी में सीएम पद के लिए उनकी दावेदारी पेश की उस पर शत्रुघ्न सिन्हा ने मुहर लगा दी है। हालांकि सिन्हा ने यी भी कहा है कि सूबे में सीएम उम्मीदवार का आखिरी फैसला पार्टी को ही करना है। उनका साफ कहना है कि पार्टी को उत्तर प्रदेश में बिहार जैसी गलती नहीं दोहरानी चाहिए।

गौरतलब है कि इसके पहले भी बीजेपी ने वरुण गांधी को राजनीतिक गतिविधियां अपने निर्वाचन क्षेत्र सुल्तानपुर तक ही सीमित रखने की सख्त हिदायत दी थी। इसके बावजूद वरुण इलाहाबाद दौरे पर चले गए, जिससे बीजेपी खासी नाराज बताई जा रही है।

हालांकि उत्तर प्रदेश में भाजपा किसे मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनायेगी इस पर से अभी पर्दा उठना बाकी है लेकिन वरुण गांधी का प्रदेश भाजपा में विरोध शुरू हो गया है। इस बाबत पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से शिकायत भी की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाहाबाद से सांसद श्यामा चरण गुप्ता ने वरुण पर घर में अंडे और टमाटर फिकवाने का आरोप लगाया है।

वही दूसरी ओर खबर है कि पार्टी मुख्‍यमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए एक आतंरिक सर्वे करवा चुकी है, जिसके परिणाम की माने तो वरुण गांधी, स्मृति ईरानी और योगी आदित्यनाथ का नाम सबसे ऊपर है। आपको बता दें कि ये तीनों फिलहाल सांसद हैं। सर्वे के अनुसार सुल्तानपुर से भाजपा सांसद वरुण गांधी का नाम सबसे ऊपर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *