रामपुर डेस्क/ यूपी के रामपुर में सरेआम दो लड़कियों से की गई छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी सहित 9 अरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है| आरोपियों पर दलित एक्ट भी लगाया गया है| इसके साथ ही पुलिस सभी आरोपियों पर एनएसए लगाने की तैयारी में है| आपको बता दें कि इस मामले में 5 आरोपी अब भी फरार हैं |
छेड़छाड़ की पीड़ित लड़की के परिवार से मिलने पहुंची बीजेपी विधायक राजबाला ने विवादित बयान देकर खुद की सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया | राजबाला ने कहा कि जिला प्रशासन पर अभी भी समाजवादी पार्टी का जो रंग चढ़ा हुआ था, वो अभी उतरा नहीं है| उनकी ढील की वजह से ये घटना हुई है | इस मामले में रामपुर के एसपी विपिन टांडा ने बताया कि अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है| आरोपियों पर दलित एक्ट भी लगाया गया है| इसके अलावा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है| उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों पर एनएसए लगाने की तैयारी में है|
रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में कुछ मनचलों ने अपने दोस्त के साथ जा रही युवतियों के साथ छेड़छाड़ की. मनचलों ने न केवल युवतियों से छेड़छाड की, बल्कि अश्लीलता करते हुए उनके कपड़े फाड़ने और उठा ले जाने की कोशिश की और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया| वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मनचलों पर कार्रवाई शुरू की और टांडा थाना के उप निरीक्षक सुंदर लाल की तहरीर पर मुख्य आरोपी शाहनवाज सहित 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद रविवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया| वहीं सोमवार को तीन आरोपी सद्दाम, दानिश और एक अन्य को गिरफ्तार किया है|