TIL Desk मुंबई:
पॉपुलर शो जगद्धात्री इन दिनों अपने लीड कपल शिवाय और जगद्धात्री को लेकर खासी चर्चा में है। शिवाय (फरमान हैदर) और जगद्धात्री (सोनाक्षी बत्रा) की जोड़ी, जिसे फैंस प्यार से शिवधात्री कह रहे हैं, दर्शकों के बीच जबर्दस्त पसंद की जा रही है। इस नई जोड़ी को मिल रहा प्यार और तारीफ इसे हाल के सबसे चर्चित ऑन-स्क्रीन कपल्स में शामिल कर रहा है। फरमान हैदर और सोनाक्षी बत्रा दोनों ने शिवधात्री को मिल रहे प्यार के लिए दर्शकों का दिल से शुक्रिया अदा किया है। यहां बता दें कि ज़ी टीवी पर ‘जगद्धात्री’, रोज रात 10 बजे प्रसारित है।
जगद्धात्री का किरदार निभा रहीं सोनाक्षी बत्रा ने कहा, ‘‘मैं दिल से अपने दर्शकों की शुक्रगुज़ार हूं, जिन्होंने शिवधात्री यानी शिवाय और जगद्धात्री को इतना प्यार दिया है। फरमान के साथ काम करना बहुत आसान और मजेदार रहता है। वो एक बेहतरीन एक्टर हैं और उनका साथ हर सीन को और बेहतर बना देता है। आगे की कहानी में दर्शकों को कुछ बहुत खास और देखने लायक सीन देखने को मिलेंगे। उम्मीद है कि शिवधात्री हर किसी की पसंदीदा जोड़ी बनेगी।’’ इधर, शिवाय का किरदार निभा रहे फरमान हैदर ने कहा, ‘‘शिवधात्री यानी शिवाय और जगद्धात्री को जिस तरह का प्यार दर्शकों से मिला है, उससे मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानता हूं। मैं अपनी को-स्टार सोनाक्षी बत्रा का भी शुक्रिया करना चाहता हूं, जिनकी मेहनत और एनर्जी से मुश्किल सीन्स भी आसान लगने लगते हैं।’’
इस वक्त शो में शिवाय और जगद्धात्री की नकली शादी का ट्रैक दर्शकों को बांधे हुए है। शिवाय, जो पहले से ही जगद्धात्री से प्यार करता है, हर कदम पर उसका साथ दे रहा है। वहीं जगद्धात्री उसकी इज्जत करती है, लेकिन इस शादी में सिर्फ इसलिए साथ चल रही है ताकि छिपे हुए सच सामने आ सकें। कहानी में शिवाय के असली पिता महेश का राज, जगद्धात्री की मां की मौत से जुड़े सवाल और साधु के इशारों पर आगे बढ़ता मिशन दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है। साथ ही जगद्धात्री अपनी बहन तपस्या (येशा हरसोरा) को भी बचाना चाहती है, जिसके पति रुद्र (आयुष श्रीवास्तव) का रिश्ता गैंगस्टर मूसा से जुड़ा हुआ है।
