- 7-9 मई को लखनऊ में होगा यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का आयोजन
TIL Desk कानपुर:
उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) और फर्स्ट व्यू ने यूपीनेडा, उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर काम किया है।
उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना पर एक UPEX प्री-इवेंट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन, कानपुर में किया। इस कार्यक्रम में उद्योग जगत के हितधारकों (stakeholders) ने भाग लिया और सौर ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों, नीतियों और संभावनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दीक्षा जैन, आईएएस, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), कानपुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना और पीएम कुसुम योजना जैसे प्रयास घरों, किसानों और उद्योगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिससे सतत विकास और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिल रही है।
प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए , अतुल श्रीवास्तव, सीनियर रीजनल डायरेक्टर, PHDCCI ने बताया कि यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का आयोजन 7 से 9 मई 2026 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में किया जाएगा, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक (stakeholders) एक मंच पर आएंगे।
उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय एक्सपो में भारत और विदेशों से 150 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे तथा 10 विशेष सत्र और 60 से अधिक वक्ता नई तकनीकों, नीतियों और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
वी.के. वर्मा, संयुक्त निदेशक, MSME, ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए सौर ऊर्जा अपनाना महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे उद्योगों की लागत कम हो सकती है और सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा।
अंजनीश प्रताप सिंह, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (DIC), कानपुर ने कहा कि सौर ऊर्जा उद्योगों के लिए किफायती होती जा रही है और इससे राज्य तथा देश के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
सुदीप गोयनका, निदेशक, गोल्डी ग्रुप लि. ने कहा कि सौर ऊर्जा में असीम संभावनाएं हैं ,ऊर्जा का इससे बेहतर विकल्प नहीं हो सकता।
इस अवसर पर राजेश कुमार पांडेय, परियोजना प्रबंधक, UPNEDA, कानपुर, ने पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना और पीएम कुसुम योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत सौर ऊर्जा अपनाने में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में से एक बनने की क्षमता रखता है और इसमें अपार संभावनाएँ हैं।
अनुराग मिश्रा, कानपुर ब्रांच हेड, KEI इंडस्ट्रीज, ने भी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों पर अपने विचार साझा किए।
पराग मिश्रा, यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 के प्रोग्राम कन्वीनर, ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए यह एक्सपो एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि PHDCCI ने इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया है ताकि अधिक से अधिक लोग पीएम सूर्य घर योजना को अपनाएँ, इसमें भाग लें और इसका लाभ उठाएँ।
यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना है। राज्य में बढ़ते सौर ऊर्जा लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए यह एक्सपो रूफटॉप सोलर, बड़े सोलर प्रोजेक्ट्स तथा कमर्शियल एवं इंडस्ट्रियल (C&I) सोलर समाधान को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करेगा।
इस एक्सपो में यूपी ईवी एक्सपो, यूपी स्मार्ट ग्रिड एक्सपो और यूपी स्टोरेज एक्सपो जैसे विशेष खंड भी शामिल होंगे, जिनमें इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्मार्ट ग्रिड तकनीक और ऊर्जा भंडारण से जुड़े नवीन समाधान प्रदर्शित किए जाएंगे।
एक्सपो से पहले राज्य भर में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में आगामी कार्यक्रम 20 मार्च को प्रयागराज, 27 मार्च को वाराणसी, 17 अप्रैल को गोरखपुर और 24 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित किए जाएंगे।
