TIL Desk लखनऊ:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘बचपन डे केयर स्कूल’ का जर्जर गेट अचानक गिरने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। हालांकि, प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सहायता का आश्वासन दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे की मां ने बताया, “मेरा बेटा वहीं खेल रहा था। गेट बहुत खराब हालत में था। सब लोग अधिकारियों को इस बारे में बता रहे थे, लेकिन सरकार ने किसी की नहीं सुनी। जब बच्चे ने गेट को छुआ, तो वह मेरे बच्चे के ऊपर गिर गया।”
जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना सुबह 9 बजे से 9:30 बजे के बीच घटी। यह स्कूल दृष्टिबाधित बच्चों के लिए एक सुविधा केंद्र है, जो ‘दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग’ के अंतर्गत संचालित होता है।
बताया जा रहा है कि शिवा स्कूल के प्रवेश द्वार के पास अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी लोहे का एक पुराना और कथित तौर पर जर्जर गेट अचानक टूटकर उस पर गिर गया। उस भारी-भरकम गेट के नीचे दब जाने से बच्चे को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
