Delhi-NCR, हिंदी न्यूज़

इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के भारत लौटने पर सस्पेंस बरक़रार

नई दिल्ली डेस्क / विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के सउदी अरब से आज भारत लौटने पर सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि मुंबई में रहने वाले नाइक के आज दोपहर तक शहर में वापस लौटने का अनुमान है। इन खबरों के सामने आने के बाद लोगों में उनके प्रति नाराजगी है कि बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पिछले दिनों एक रेस्तरां में भयावह आतंकी हमले को अंजाम देने वाले कुछ उग्रवादी नाइक के कथित ‘भड़काउ’ भाषणों से प्रेरित थे। नाइक ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को हालांकि खारिज कर दिया है।

मुंबई पुलिस आज जाकिर नाइक के घर पर पहुंची। माना जा रहा है कि इस मामले में जाकिर नाइक से मुंबई पुलिस पूछताछ भी कर सकती है। सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले की जांच कर रही है। इस बीच जाकिर नाइक की कल यानी मंगलवार को होनेवाली प्रेस कांफ्रेस रद्द कर दी गई है।

इस बीच शिवसेना ने विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक को सउदी अरब से भारत लौटते ही गिरफ्तार किया करने की मांग की है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा है ‘जिस तरह पाकिस्तान में रह रहे अजहर मसूद जैसे उन्मादी खुलेआम जहर उगलते है, उसी तरह जाकिर नाइक जैसे लोग शांति के नाम पर अपने सामाजिक कार्य की आड़ में अपने इरादों को अंजाम देते हैं। नाइक पिछले कई साल से राष्ट्र विरोधियों को संरक्षण देते रहे हैं तथा ढाका में नरसंहार के बाद उनके द्वारा दिए जा रहे शांति के उपदेशों की असलियत उजागर हो गई है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *