भोपाल डेस्क/ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राज्यस्तरीय सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारों के खिलाफ माहौल है। कार्यकर्ता जुट जाएं, तो बसपा भाजपा को उखाड़ फेंकेगी।
राजधानी के लाल परेड मैदान में आयोजित पार्टी के सम्मेलन में मायावती ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “भाजपा की सरकारों से दोनों राज्यों की जनता त्रस्त हो चुकी है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सर्वसमाज तक अपना संदेश पहुंचाएं, ऐसा करने में सफल रहे तो दोनों राज्यों की सरकारें हम उखाड़ फेंकेंगे और बसपा की सरकार बनाएंगे।”
उन्होंने भाजपा द्वारा राममंदिर निर्माण को फिर हवा दिए जाने का जिक्र करते हुए कहा, “अयोध्या में राम मंदिर बनने से दलितों को कोई फायदा नहीं होने वाला। भाजपा इस मुद्दे के जरिए दोबारा सत्ता में आना चाहती है, मगर बसपा उसे ऐसा नहीं करने देगी।” मायावती ने आरोप लगाया कि भाजपा ने ईवीएम में गड़बड़ी करके उत्तर प्रदेश में सत्ता हासिल की है। इन दिनों देश के हालात आपातकाल से भी बुरे हैं।
बसपा प्रमुख ने भाजपा के साथ कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने सरकार की योजनाएं वंचित वर्ग तक नहीं पहुंचने दिया। इतना ही नहीं, इन दोनों दलों का मकसद हमेशा बसपा को रोकने का रहा है। इस सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मध्य प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ व ओड़िशा के भी कार्यकर्ता पहुंचे।
राज्य में बसपा के वर्तमान में चार विधायक हैं। बसपा ने राज्य में अपनी ताकत और बढ़ाने के मकसद से यह सम्मेलन आयोजित किया। इस सम्मेलन को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।