State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

अपराधियों के बुलंद हौसलों के आगे प्रशासनिक मशीनरी नतमस्तक : अखिलेश

लखनऊ डेस्क/ समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था संभालना भाजपा सरकार के बस की बात नहीं है। कहा कि अपराधियों के बुलंद हौसलों के आगे प्रशासनिक मशीनरी नतमस्तक है। अखिलेश ने यहां अपने जारी बयान में कहा कि, “भाजपा राज में सर्वाधिक अत्याचार की शिकार महिलाएं एवं किशोरियां ही हैं। डबल इंजन वाली भाजपा सरकार के ‘मिशन शक्ति’ और ‘एंटी रोमियो स्क्वाड’ जैसे टोटके काम नहीं आ रहे हैं। अपराधियों के बुलंद हौसलों के कारण प्रशासनिक मशीनरी नतमस्तक नजर आ रही है।”

उन्होंने कहा कि, “रामपुर के स्वार क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता पर एसिड अटैक की घटना की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि बहराइच के काजीपुरा मोहल्ला में कोचिंग से लौट रही छात्रा पर भी एसिड से हमला हुआ, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई है। आगरा के शमसाबाद क्षेत्र की बड़ा गांव निवासी एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव घर से डेढ़ किलोमीटर दूर बरामद हुआ है। कन्नौज में तमंचा दिखाकर एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। अलीगढ़ में दुष्कर्म के बाद पीड़िता को गोली मार दी गई। भाजपा राज में तो अब पूजा स्थल और अस्पताल में भी महिलाएं अपमानित हो रही हैं।”

अखिलेश ने आगे कहा कि, “न्यायपालिका और लोकतंत्र में विश्वास रखते हुए पूरा भरोसा है कि पूर्व मंत्री आजम खान के खिलाफ चल रहे झूठे मुकदमों से उन्हें जल्दी ही इंसाफ मिलेगा। न्यायालय के आदेश से पूर्व सांसद एवं विधायक तंजीन फातिमा की 298 दिनों बाद जेल से हुई रिहाई से साबित होता है कि सच के आगे झूठ हारता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *