State, Uttar Pradesh, हिंदी न्यूज़

अखिलेश बोले-सपा सांसद आजम राजनीतिक षड्यंत्र के शिकार

अखिलेश बोले-सपा सांसद आजम राजनीतिक षड्यंत्र के शिकार

सीतापुर डेस्क/ समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जेल भेजे गए पार्टी के नेता
आजम खां के बारे में कहा कि वे राजनीतिक षड्यंत्र के शिकार हुए हैं। अखिलेश गुरुवार को सीतापुर जेल में बंद सांसद आजम खां से भेंट करने से पहुंचे। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां राजनीतिक षड्यंत्र के शिकार हुए हैं। हिंसा कराना ही भाजपा का गुजरात मॉडल है।

उन्होंने कहा कि आजम खां को न्यायालय से इंसाफ मिलेगा। यह तो सभी को दिख रहा है कि आजम के खिलाफ यह राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसके तहत उनको जेल में रहना पड़ रहा है। किसी के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव के साथ नौ लोगों को जेल के अंदर आजम से भेंट करने की अनुमति दी गई है।

सपा मुखिया ने कहा, जब से भाजपा की सरकार बनी है, उन (आजम खां) पर मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उनको साजिश के तहत फंसाया गया है। भाजपा के नेता ने शिकायत की। भाजपा से क्या उम्मीद करेंगे आप। दिल्ली हिंसा पर अखिलेश ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली के दंगे नहीं रोक पाई। भारतीय जनता पार्टी समाज को बांटने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा, यह दुभाग्यपूर्ण है कि जो राष्ट्र के नाम पर वोट लेकर आए थे, आज हमें उन्हीं से राष्ट्र को बचाना पड़ रहा है। नफरत फैलाना और देश में आग लगाना ही गुजरात मॉडल है।

सपा सांसद आजम खां की बैरक में अखिलेश यादव के साथ विधान पार्षद आनंद भदौरिया, विधायक नरेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक अनूप गुप्ता और राधेश्याम जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधियों मुलाकात के लिए भेजा गया। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस दौरान जेल के बाहर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एकत्र थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *