Sports, हिंदी न्यूज़

एशियाई खेल (तीरंदाजी) : भारतीय महिला, पुरुष टीम ने जीता रजत

एशियाई खेल (तीरंदाजी) : भारतीय महिला, पुरुष टीम ने जीता रजत

स्पोर्ट्स डेस्क/ भारत की महिला और पुरुष तीरंदाजी टीम ने 18वें एशियाई खेलों में 10वें दिन मंगलवार को अपनी-अपनी टीम स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किया। दोनों ही टीमों को दक्षिण कोरियाई टीमों ने फाइनल मुकाबलों में मात दी। भारतीेय महिला टीम ने पहली बार इस स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया है, वहीं पुरुष टीम को पिछले एशियाई खेलों में जीते स्वर्ण पदक से हाथ धोकर रजत से संतोष करना पड़ा।

मुस्कान किरार, मधुमिता कुमारी और ज्योति सुरेखा वेन्नम की भारतीय टीम को दक्षिण कोरिया ने फाइनल मुकाबले में 228-231 से मात दी। इससे पहले, 2014 में हुए एशियाई खेलों में भारतीय टीम ने महिला कंपाउंड टीम स्पर्धा का कांस्य पदक हासिल किया था। भारतीय महिलाओं ने दक्षिण कोरिया को अच्छी टक्कर दी। पहले सेट में उन्होंने कोरियाई महिला तीरंदाजों के खिलाफ 59-57 से बढ़त हासिल की।

इसके बाद, दक्षिण कोरिया की टीम ने दूसरे सेट में वापसी की और 58-56 से बढ़त लेकर कुल स्कोर बराबर कर लिया। तीसरे सेट में दोनों टीमों ने 58-58 से बराबरी का स्कोर खेला और ऐसे में दोनों का कुल स्कोर 173-173 से बराबर था। चौथे सेट में भारतीय महिलाएं फिसल गईं और उन्हें 55-58 से पीछे होना पड़ा। ऐसे में कुल स्कोर से 231-228 से हारकर भारतीय टीम ने रजत पदक जीता।

इसके अलावा, भारतीय पुरुष टीम को फाइनल में दक्षिण कोरिया से शूट-ऑफ में हार मिली। साल 2014 में इंचियोन में हुए एशियाई खेलों में भारत ने कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। भारत और दक्षिण कोरिया का स्कोर चार सेटों के बाद 229-229 से बराबर था। शूट-ऑफ में भी भारत ने दक्षिण कोरिया को बराबरी की टक्कर दी, लेकिन प्रतिद्वंद्वी टीम के तीर सेंटर सर्कल में अधिक थे और इस कारण दक्षिण कोरिया ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।

पहले सेट में सारे छह निशाने 10 पर लगाते हुए भारतीय पुरुष टीम ने 60-56 से बढ़त हासिल की थी। हालांकि, दूसरे सेट में वह अपनी इस लय को बरकरार नहीं रख पाई और ऐसे में दूसरा सेट में 58-53 से पिछड़ गई| दोनों टीमों का स्कोर दो सेट के बाद 114-114 से बराबरी पर पहुंच गया। तीसरे सेट में भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन कर 58-56 से जीत हासिल की और कुल स्कोर में 172-170 के साथ दो अंकों की बढ़त ले ली।

भारतीय टीम को चौथे सेट में दक्षिण कोरिया के खिलाफ 59-57 से हारना पड़ा था। ऐसे में दोनों टीमों का स्कोर 229-229 से बराबर हो गया। दोनों टीमें शूट ऑफ में पहुंची। भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मैच रोमांचक हो गया। दक्षिण कोरिया ने शूट-ऑफ में पहला निशाना 10 पर लगाया, वहीं भारत का पहला निशाना 9 पर लगा। कोरियाई टीम का दूसरा निशाना नौ पर था और भारत के लिए दूसरा निशाना 10 पर लगा।

दक्षिण कोरिया का तीसरा निशाना 10 पर लगा और भारत के लिए अर्जुन परस्कार विजेता रजत चौहान ने 10 पर ही निशाना लगाया। दोनों टीमें बराबरी पर आ गईं। अंतिम फैसले में दक्षिण कोरिया के तीर सेंटर सर्कल में अधिक निकले और इस कारण वह स्वर्ण पदक जीत गई और भारत को रजत से संतोष करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *