मेरठ डेस्क/ उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक संगीत सोम के मेरठ स्थित आवास पर बुधवार देर रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। हमलावरों ने भागते समय उनके घर पर ग्रेनेड से भी हमला किया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि मामले की तहकीकात चल रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार रात लगभग एक बजे हुई। विधायक संगीत सोम कैंट क्षेत्र में अपने घर पर सो रहे थे। गेट पर गार्ड ड्यूटी कर रहा था। गार्ड के अनुसार एक स्विफ्ट कार गेट पर रुकी। काले कपड़ों में एक हथियारबंद युवक उतरा और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गार्ड ने जैसे ही अपनी रायफल संभाली। कार सवार आवास पर ग्रेनेड फेंक कर फरार हो गया।
इस मामले में विधायक संगीत सोम ने कहा, मुझे कहीं से किसी तरह की धमकी नहीं मिली है। लेकिन हां, मुझे 2 साल पहले एक कॉल आई हुई थी, जिसमें कहा गया था कि मैं ग्रेनेड हमले में मारा जाऊंगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेख कुमार ने बताया कि सुरक्षा गार्ड ने हमें बताया कि घटना 12.45 बजे हुई। मौके से खोखे बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक हैंड ग्रेनेड मिला है। फोरेंसिक टीम इसकी जांच कर रही है। घटना में कोई घायल या हताहत नहीं हुआ है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है। मामले की गहन जांच की जा रही है।