- ‘प्रेम से जीना सीखिए, मानवता की सेवा करें’ के संदेश के साथ सड़कों पर उतरे नदवा के छात्र
TIL Desk लखनऊ:
राजधानी में आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच ‘ऑल इंडिया पयाम-ए-इंसानियत फोरम’ ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। शुक्रवार को फोरम के कार्यकर्ताओं और दारुल उलूम नदवतुल उलमा के छात्रों ने चिलचिलाती धूप की परवाह न करते हुए सड़कों पर उतरकर हजारों प्यासे लोगों को राहत पहुँचाई।
फोरम द्वारा डालीगंज से लेकर कैसरबाग बस अड्डा, चारबाग रेलवे स्टेशन और स्थानीय पुलिस थानों व चौकियों तक एक विशेष राहत अभियान चलाया गया। इस दौरान तपती धूप में हाड़-तोड़ मेहनत कर रहे मजदूरों, मुसाफिरों, राहगीरों, आम कर्मचारियों और मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मियों को निःशुल्क ठंडा पानी, लीची जूस और नींबू का स्पेशल शरबत वितरित किया गया।
खाकी के सम्मान में आगे आए कदम:
इस सेवा कार्य की सबसे खूबसूरत तस्वीर तब देखने को मिली जब फोरम के कार्यकर्ता और छात्र खुद पुलिस विभाग के दफ्तरों और चौकियों में पहुँचे। सड़कों पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे जवानों को जब कार्यकर्ताओं ने ठंडा शरबत भेंट किया, तो उनके चेहरों पर सुकून साफ नजर आया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और मुसाफिरों ने टीम के इस जज़्बे को दिल से सलाम किया और दुआएं दीं।
“चाहे आम राहगीर हो या देश की सुरक्षा में तैनात वर्दीधारी जवान, मानव सेवा के लिए हम हमेशा तत्पर रहेंगे। इंसानियत को राहत पहुँचाने वाले ऐसे नेक काम आगे भी लगातार जारी रहेंगे।”
शफीक चौधरी, जिला कोऑर्डिनेटर नदवा के छात्रों ने पेश की मिसाल इस पूरे सेवा कार्य का नेतृत्व फोरम के जिला कोऑर्डिनेटर जनाब शफीक चौधरी ने किया। उनके साथ दारुल उलूम नदवतुल उलमा के छात्रों ने इस मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्रों ने तपती दोपहर में खुद सेवा की कमान संभाली और हर उस शख्स तक ठंडक पहुँचाई जिसे इस तपन में राहत की दरकार थी।
फोरम के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान “प्रेम से जीना सीखिए, मानवता की सेवा करें। यही असली इंसानियत है” के पैगाम को जमीनी स्तर पर सच कर दिखाया।
