Site icon TV INDIA LIVE

शिवपाल ने बनाई नई पार्टी, मुलायम होंगे अध्यक्ष

शिवपाल ने बनाई नई पार्टी, मुलायम होंगे अध्यक्ष

यूपी डेस्क/ यूपी विधानसभा चुनाव से पहले से चले आ रहे समाजवादी पार्टी के पारिवारिक कलह के बीच पार्टी के दो टुकड़ों में बंटने की बात आखिरकार सच साबित हो ही गई। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि वह ‘समाजवादी सेक्युलर मोर्चा’ नाम से नई पार्टी बना रहे हैं, जिसके मुखिया मुलायम सिंह यादव होंगे।

शिवपाल ने कहा, ‘हम ‘समाजवादी सेक्युलर मोर्चा’ नाम से नई पार्टी बना रहे हैं। इस पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ही होंगे। नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को उनका सम्मान वापस दिलाने और समाजवादियों को एक साथ लाने के लिए इस मोर्चे का जल्द ही ऐलान होगा।’

उल्‍लेखनीय है कि यूपी चुनावों के बाद से इटावा के जसवंतनगर से विधायक और सपा के पूर्व प्रदेश अध्‍यक्ष शिवपाल यादव लगातार अखिलेश और पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव पर निशाना साध रहे थे| शिवपाल शुक्रवार को पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात करने इटावा पहुंचे| उसके बाद अपने बहनोई डॉ. अजंट सिंह के घर मीडिया से मुलाकात कर नई पार्टी बनाने का बड़ा बयान दे दिया।

दो दिन पहले ही शिवपाल ने इटावा में अपने चचेरे भाई रामगोपाल यादव पर हमला बोला था और उन्हें शकुनि तक कह डाला था| इससे ठीक चार दिन पहले मीडिया के सवालों और शिवपाल के बयानों से भड़क कर रामगोपाल ने कहा था कि शिवपाल यादव बेकार की बातें करते हैं| उन्होंने पार्टी का संविधान नहीं पढ़ा है| पार्टी का सदस्यता अभियान चल रहा है| शिवपाल तो अभी तक सदस्य भी नहीं बने हैं|

Exit mobile version