लखनऊ डेस्क/ उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में धारा-144 लागू होने के बावजूद नागरिकता कानून के विरोध में गुरुवार को कई जिलों में प्रदर्शन हिंसक हो उठा। कई इलाकों में नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ गुरुवार को प्रदर्शन हो रहा है। लेकिन हसनगंज इलाके में प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। यहां पुलिस की गाड़ियों में आग लगा दी गई। इसके अलावा पुलिस चौकी में तोड़फोड़ की गई। लखनऊ में उप्रदवियों ने मदेयगंज और सतखंडा चौकी में आगजनी कर दी। प्रदर्शनकारियों ने यहां गाड़ियां फूंक दीं। परिवर्तन चौक के पास एक बस में भी आग लगा दी। संभल जिले में प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज की बस जला दी और वाहनों पर पथराव किया।
लखनऊ और संभल में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज करके उपद्रवियों को खदेड़ा। लखनऊ में मदेयगंज, खदरा और ठाकुरगंज में हिंसक प्रदर्शन हुआ। खदरा में उपद्रवियों ने छतों से पुलिस पर पथराव किया। मदेयगंज में भीड़ की ओर से भी फायरिंग हुई। पुलिस ने जवाब में हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे। भीड़ ने गलियों से निकलकर बार-बार पथराव किया। मदेयगंज पुलिस चौकी के बाहर खड़ी तीन बाइकों को भी उपद्रवियों ने फूंक दिया।
प्रदर्शनकारी हजरतगंज की ओर भी बढ़े। परिवर्तन चौक पर बस फूंकी गई और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। आंसू गैस के गोले दागे हैं। भीड़ ने मीडियाकर्मियों को भी निशाना बनाया। इसमें कई लोग घायल हुए। प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी व तोड़फोड़ हुई और साथ ही पुलिस चौकी, मीडिया की ओबी वन में आग लगा दी गयी ।