रांची
 धनतेरस एवं दीपावली से पहले रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 7 महिलाओं के बैंक खातों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अक्टूबर माह की सम्मान राशि हस्तांतरित कर दी गई है। योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को 2500 रुपये की दर से कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है।

त्योहार से पहले सम्मान राशि मिलने से जिले की लाखों महिलाओं को घरेलू खर्च और त्योहार की तैयारियों में आर्थिक मदद मिलेगी। इससे महिलाएं अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ परिवार के खर्चों में भी सहयोग कर सकेंगी।

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। धनतेरस एवं दीपावली से पहले लाभुक महिलाओं के खातों में राशि का हस्तांतरण सरकार की महिला हितैषी सोच और उनके प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि इस राशि से महिलाओं को परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति करने और त्योहार की खुशियों में सहभागी बनने में सहायता मिलेगी। जिला प्रशासन योजना का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांके में सबसे अधिक लाभुक
रांची जिले में प्रखंड एवं शहरी क्षेत्रवार लाभुकों की संख्या में कांके सबसे आगे है। यहां 31,502 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,891, मांडर में 22,933, सिल्ली में 21,282 और बेड़ो में 20,562 महिलाओं के खातों में राशि हस्तांतरित की गई है। वहीं, सबसे कम 1,280 लाभुक कांके शहरी क्षेत्र में हैं।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में कार्य कर रही है। दीपावली से पहले सम्मान राशि का भुगतान महिलाओं के लिए त्योहार की विशेष सौगात है।