* ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ मल्टी-डे मैचों में दिखाएंगे दम

TIL Desk कानपुर:👉उत्तर प्रदेश के उभरते मध्यम तेज गेंदबाज अयान अकरम को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ आगामी दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा घोषित टीम में चयनित अयान मूल रूप से सहारनपुर के रहने वाले हैं और मौजूदा समय में उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम के कप्तान हैं।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने बताया कि अयान ने 2025-26 सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए कूच बिहार ट्रॉफी में कुल 37 विकेट हासिल किए। वह इस सत्र में भारतीय अंडर-19 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। अपनी तेज गति, सटीक लाइन-लेंथ और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर अयान ने जूनियर क्रिकेट में लगातार प्रभाव छोड़ा है।

कूच बिहार ट्रॉफी में अयान ने उत्तर प्रदेश की सफलता में अहम भूमिका निभाई। उनकी प्रभावी गेंदबाजी के दम पर टीम ने चंडीगढ़, छत्तीसगढ़ और असम के खिलाफ महत्वपूर्ण जीत दर्ज की और नॉकआउट चरण में जगह बनाई।

नवंबर 2025 में आयोजित अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में भी अयान उत्तर प्रदेश से चयनित एकमात्र खिलाड़ी थे। राष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच दो मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में, जबकि दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में होगा।

यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला और सीईओ अंकित चटर्जी ने अयान के चयन पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अयान का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन उत्तर प्रदेश क्रिकेट के लिए गौरव की बात है। उन्हें विश्वास है कि अयान भारतीय टीम के साथ भी शानदार प्रदर्शन करेंगे और भविष्य में सीनियर स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेंगे।