- 50 से अधिक कैंसर मरीजों और सर्वाइवर्स ने लिया हिस्सा
- डॉक्टरों ने सर्वाइवर्स से मुलाकात कर सुनीं उनके अनुभव और हौसले की कहानियां
TIL Desk लखनऊ:👉मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ में कैंसर मरीजों और सर्वाइवर्स के लिए 'कैंसर पेशेंट मीट एंड ग्रीट' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 50 से अधिक मरीजों और कैंसर सर्वाइवर्स ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों ने कैंसर से जंग जीत चुके लोगों से मुलाकात की और उनके अनुभवों व हौसले के बारे में जाना। इस मौके पर कैंसर की समय पर पहचान, इलाज और बचाव से जुड़ी जरूरी जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में डॉ. राकेश कपूर, मेडिकल डायरेक्टर, डॉ. अमित अग्रवाल, डायरेक्टर, एंडोक्राइन एंड ब्रेस्ट सर्जरी, डॉ. हर्षवर्द्धन आत्रेय, डायरेक्टर, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डायरेक्टर, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, डॉ. मोहम्मद सुहैब, डायरेक्टर, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, डॉ. रोमा प्रधान, एसोसिएट डायरेक्टर, एंडोक्राइन एंड ब्रेस्ट सर्जरी, डॉ. रेशम श्रीवास्तव, एसोसिएट डायरेक्टर, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, डॉ. मोहम्मद सुहेल, कंसल्टेंट, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, डॉ. अंजलि सचान, एसोसिएट कंसल्टेंट, मेडिकल ऑन्कोलॉजी और डॉ. नीलेश अग्रवाल, एसोसिएट कंसल्टेंट, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी सहित अस्पताल के डॉक्टर मौजूद रहे। इस दौरान मरीजों और सर्वाइवर्स को अपने अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर मिला।
इस अवसर पर डॉ. राकेश कपूर, मेडिकल डायरेक्टर ने कहा, "कैंसर का इलाज केवल बीमारी से लड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि इस दौरान मरीज का हौसला और परिवार का साथ भी बहुत मायने रखता है। हमारे बीच मौजूद कैंसर सर्वाइवर्स की कहानियां बताती हैं कि सही समय पर बीमारी की पहचान, उचित इलाज और सकारात्मक सोच से इसका सामना किया जा सकता है। ऐसे कार्यक्रम मरीजों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। हमारा प्रयास है कि लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच और बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाए।"
कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर के इलाज से गुजर रहे मरीजों और कैंसर सर्वाइवर्स को एक साथ आने का अवसर देना था, ताकि वे अपने अनुभव साझा कर सकें और एक-दूसरे का हौसला बढ़ा सकें। साथ ही, कैंसर के शुरुआती लक्षणों को पहचानने, समय पर जांच कराने और इससे बचाव के तरीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।













