TIL Desk लखनऊ:
भगवान श्री सत्य साई बाबा का 100वां जन्मोत्सव आज हरिओम मंदिर,लाल बाग,लखनऊ में दिनांक 23 नवंबर 2025 को पूरे उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वेद पाठ के साथ हुआ।
मनोज, शिखर एवं आरती द्वारा गाये गए एकल भजन तथा ऋषि, चंदन, मुक्ता, गीतांजलि, श्वेता तथा विद्या अनंतकृष्णन द्वारा गाए गए सामूहिक भजन बहुत ही सुंदर एवं ह्रदयस्पर्शी रहे। बच्चों द्वारा दी गई नृत्य और गायन प्रस्तुतियां अत्यंत ही आकर्षक और मन को मोहने वाली थी।
श्री सत्य साई सेवा संगठन लखनऊ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र गर्ग द्वारा पिछले एक वर्ष मैं संस्था द्वारा की गई आध्यात्मिक, शैक्षिक एवं सेवा गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। शिक्षाविद गुंजन अरोरा द्वारा साई बाबा के जीवन एवं उनकी शिक्षाओं पर दिया गया व्याख्यान बहुत ही प्रभावशाली था।
श्री सत्य साई सेवा संगठन के ग्राम्य विकास संयोजक अजय कपूर ने बताया कि आज के कार्यक्रम में संगठन की गोमती नगर, इंदिरा नगर, आलमबाग, चौक, राजाजीपुरम और केंद्रीय समिति ने सामूहिक रूप से हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि संगठन स्वास्थ्य, शिक्षा पर विशेष रूप से ध्यान देता है क्योंकि हमारा यह प्रयास रहता है कि समाज का कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य और शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम कटिंग एवं भोजन प्रसाद के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आर.के. मिश्रा, दीपक भंडारी, गौरव अरोड़ा, सुनील गुप्ता, अश्वनी अरोड़ा और डॉ रुचि मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में 500 से अधिक साई भक्तों ने भाग लिया ।








