TIL Desk लखनऊ:
यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र के आगाज से पहले लखनऊ फाल्कन्स ने इस बार खिताब जीतने का दावा मजबूत किया है। टीम के कप्तान और भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि पिछले सत्र की गलतियों से सीख लेते हुए टीम ने बेहतर संयोजन तैयार किया है। इस बार लक्ष्य सिर्फ फाइनल तक पहुंचना नहीं, बल्कि ट्रॉफी जीतना है।
लीग का नया सत्र 14 अगस्त से शुरू होगा। मुकाबले लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम और कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे। रविवार को इकाना स्टेडियम में मीडिया से बातचीत में भुवनेश्वर कुमार और युवा क्रिकेटर आराध्य यादव ने टीम की तैयारियों, लीग के महत्व और युवा खिलाड़ियों को मिल रहे अवसरों पर बात की।
भुवनेश्वर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए बड़ा मंच बन चुकी है। यहां उन्हें अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलता है। इससे युवा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सीखने के साथ दबाव में प्रदर्शन करने का अनुभव भी हासिल होता है। उन्होंने कहा कि लीग में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे आईपीएल और भारतीय टीम तक अपनी जगह बना सकते हैं।
उन्होंने लखनऊ और कानपुर में मुकाबले कराए जाने को भी सकारात्मक कदम बताया। इससे दोनों शहरों के क्रिकेट प्रशंसकों को खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा और प्रदेश में क्रिकेट का माहौल मजबूत होगा।
वहीं, आराध्य यादव ने कहा कि भुवनेश्वर जैसे अनुभवी खिलाड़ी के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना उनके लिए बड़ी सीख है। सीनियर खिलाड़ियों की तैयारी, मैच की परिस्थितियों को समझने और दबाव से निपटने के तरीके से युवा काफी कुछ सीख सकते हैं।
पिछले सत्र को याद करते हुए भुवनेश्वर ने कहा कि टीम ने लीग चरण में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन फाइनल में खिताब से चूक गई। इस बार उन्हीं कमियों को दूर कर लखनऊ फाल्कन्स ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।








