TIL Desk चेन्नई:👉 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे सफल टीमों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आगामी सीजन से पहले एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा फैसला लिया है | फ्रेंचाइजी ने अपने सबसे भरोसेमंद और लंबे समय से बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज माइकल हसी (Mike Hussey) से अपना 8 साल पुराना नाता तोड़ लिया है | आईपीएल 2027 के मेगा ऑक्शन और नए सीजन से पहले सीएसके प्रबंधन अपने सपोर्ट स्टाफ को पूरी तरह से बदलने की तैयारी में जुटा है |
लगातार खराब प्रदर्शन का पड़ा असर
चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन पिछले कुछ सीजन में बेहद निराशाजनक रहा है | टीम साल 2024 में पांचवें, 2025 में दसवें और 2026 में आठवें स्थान पर रही थी. लगातार तीन साल प्लेऑफ की रेस से बाहर रहने या निचले पायदान पर रहने के बाद फ्रेंचाइजी के मालिकों ने कड़ा रुख अपनाया है | इसी के तहत पहले मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग अलग हुए और अब माइकल हसी की भी विदाई हो गई है |
नए युग की शुरुआत: जहीर खान के हाथों में कमान
फ्लेमिंग की जगह भारत के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को चेन्नई का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है | वहीं, गेंदबाजी विभाग को मजबूती देने के लिए मोहित शर्मा को बॉलिंग कोच बनाया गया है | इसके अलावा इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर गेरेथ बैटी को असिस्टेंट कोच के तौर पर टीम के साथ जोड़ा गया है | इस पूरी नई तिकड़ी के आने के बाद हसी का जाना लगभग तय माना जा रहा था |
'मिस्टर क्रिकेट' का पीला सफर खत्म
माइकल हसी का सीएसके के साथ रिश्ता बेहद भावुक और पुराना रहा है. उन्होंने 6 साल तक इस टीम के लिए बतौर खिलाड़ी मैदान पर रन बरसाए और इसके बाद पिछले 8 वर्षों से वे टीम के बल्लेबाजों को तराशने का काम कर रहे थे | उनके मार्गदर्शन में टीम ने कई ऐतिहासिक खिताबी जीत दर्ज कीं. हालांकि, नए मैनेजमेंट के आने और पूरी रणनीति बदलने के कारण अब 'मिस्टर क्रिकेट' के इस सुनहरे सफर पर पूर्णविराम लग गया है. फ्रेंचाइजी जल्द ही उनके विकल्प के तौर पर नए बल्लेबाजी कोच के नाम का ऐलान कर सकती है |












