TIL Desk मुंबई :👉रियालिटी शो 'बिग बॉस 20' में मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं. शो के भीतर रीति ने दावा किया था कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं और उन्हें केवल 25,000 रुपये पॉकेट मनी मिलती है. अब इन दावों पर रीति की मां रानी तिवारी के पूर्व पति और पंजाबी लोक गायक एकम बावा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर तीखा पलटवार किया है और रीति के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.

एकम बावा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर रीति तिवारी पर जनता के सामने सहानुभूति बटोरने के लिए 'सहानुभूति कार्ड' खेलने और झूठ बोलने का गंभीर आरोप लगाया है. गायक ने दावा किया कि रीति के पास 4 से 5 लाख रुपये के लग्जरी हैंडबैग हैं और उनके पास रेंज रोवर जैसी महंगी गाड़ियां हैं, जिनका मासिक ईंधन खर्च ही ढाई से तीन लाख रुपये है. एकम बावा ने आगे खुलासा किया कि रीति एक बड़ी स्पोर्ट्स कंपनी की मालकिन हैं, जिसका बड़ा टर्नओवर है और जिसमें कई बड़े क्रिकेटरों के नाम भी जुड़े हुए हैं. इसके अलावा, मुंबई में उनके परिवार के पास कई आलीशान फ्लैट्स भी हैं.

गायक ने वीडियो में पुरानी तस्वीरें दिखाते हुए यह भी साफ किया कि वह साल 2020 से 2025 तक रानी तिवारी और रीति के साथ एक ही घर में रहे हैं. रीति के बिग बॉस हाउस के भीतर सह-प्रतियोगी काजी तौकीर के साथ किए गए दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की भाषा पर भी एकम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह के झूठे बयानों से गुमराह न हों. रीति तिवारी की लग्जरी लाइफस्टाइल और करोड़ों की संपत्ति के इन दावों ने अब बिग बॉस के दर्शकों के बीच एक नया विवाद खड़ा कर दिया है.