TIL Desk लखनऊ:👉54वें नेहरू जूनियर हॉकी टूर्नामेंट (बालक अंडर-17) में DG NCC Blue टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में 1 से 12 नवंबर तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में DG NCC Blue को नवल टाटा हॉकी अकादमी, भुवनेश्वर के हाथों 4-3 से हार का सामना करना पड़ा।

टीम का प्रबंधन एवं समन्वय 67 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय लखनऊ के मार्गदर्शन और एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में किया गया। टीम ने देशभर की मजबूत प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर फाइनल तक का सफर तय किया।

प्रतियोगिता में DG NCC Blue के कैडेट राहुल यादव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया। वहीं कप्तान केतन कुशवाहा ने अपने शानदार नेतृत्व से टीम को मजबूती प्रदान की।

कोच अकरम महमूद, उपेंद्र चौहान तथा यूपी हॉकी के सचिव रजनीश मिश्रा के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने कड़ा अभ्यास किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में टीम तीसरे स्थान पर रही थी, जबकि इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।

इस उपलब्धि पर एनसीसी निदेशालय उत्तर प्रदेश के एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम ने कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना की।

DG NCC Blue की यह सफलता उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि से एनसीसी कैडेट्स में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के प्रति नया उत्साह पैदा होगा।