* खिलाड़ियों की सुरक्षा, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और बेहतर खेल परिस्थितियां सर्वोच्च प्राथमिकता : डॉ. संजय कपूर
TIL Desk कानपुर:👉कानपुर में लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के आगामी प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों को लखनऊ स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। सभी मुकाबले पूर्व निर्धारित तिथियों पर भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में खेले जाएंगे।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और बेहतर खेल परिस्थितियां लीग प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
उन्होंने कहा कि कानपुर में लगातार बारिश के कारण मैचों का सुचारु संचालन प्रभावित हो रहा है। प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण मुकाबलों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने और अपनी क्षमता का पूरा प्रदर्शन करने का समान अवसर मिलना आवश्यक है। मौसम पूर्वानुमान में भी आगामी दिनों में लगातार बारिश की संभावना जताई गई है।
डॉ. कपूर ने कहा कि गीली आउटफील्ड खिलाड़ियों के लिए चोट का जोखिम बढ़ाती है, वहीं बार-बार मैच बाधित होने और देर रात तक छोटे प्रारूप में मुकाबले होने से खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक दबाव पड़ता है। इसलिए भारी मन से यह निर्णय खेल और खिलाड़ियों के व्यापक हित में लिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फैसला किसी टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि प्रतियोगिता की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए लिया गया है। लीग प्रबंधन ने कानपुर चरण के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों और सहयोगी संस्थाओं से मिले समर्थन के लिए आभार जताया।
प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।













