TIL Desk Bollywood :👉बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी एक बार फिर दर्शकों के होश उड़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं! हालांकि, इस बार उनकी आने वाली फिल्म रिलीज से पहले ही सुर्खियों में छा गई है। दरअसल, फिल्म के नाम को लेकर सोशल मीडिया से लेकर कानूनी गलियारों तक काफी विवाद देखने को मिला था। चौतरफा विरोध और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अब मेकर्स ने फिल्म का टाइटल बदलने का बड़ा फैसला लिया है। पहले इस सस्पेंस थ्रिलर फिल्म का नाम 'घूसखोर पंडित' रखा गया था, जिसे अब बदलकर आधिकारिक तौर पर 'गजब रात' कर दिया गया है। नाम बदलने के साथ ही मेकर्स ने फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर और नई रिलीज डेट भी जारी कर दी है।
यह फिल्म ओटीटी के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर आगामी 23 अक्टूबर 2026 को दस्तक देने वाली है। इस फिल्म के जरिए मनोज बाजपेयी और मशहूर फिल्ममेकर नीरज पांडे की जोड़ी लगभग एक दशक के बाद दोबारा वापसी कर रही है, जिसने फैंस के उत्साह को दोगुना कर दिया है। फिल्म का निर्देशन रितेश शाह ने किया है।
अगर बात करें फिल्म की कहानी की, तो ट्रेलर से साफ होता है कि यह एक ही रात के इर्द-गिर्द घूमने वाली बेहद सस्पेंसिव और थ्रिलर स्टोरी है। फिल्म में मनोज बाजपेयी दिल्ली पुलिस के एक ऐसे पुलिस अफसर (अजय दीक्षित) का किरदार निभा रहे हैं, जो भ्रष्टाचार और अपने फर्ज के बीच फंसा हुआ है। कहानी में मोड़ तब आता है जब एक रात एक गंभीर रूप से घायल लड़की को कोई चलती गाड़ी से फेंक जाता है। इस केस की जांच के दौरान पुलिस अफसर के सामने कई चौंकाने वाले राज खुलते हैं, जो पूरी रात का पासा पलट देते हैं। लालच और कर्तव्य के बीच की यह जंग दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगी।
फिल्म के पुराने टाइटल 'घूसखोर पंडित' को लेकर ब्राह्मण समुदाय और कई संगठनों ने तीखी आपत्ति जताई थी। उनका तर्क था कि इस नाम से एक विशेष समुदाय की छवि और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंच रही है। मामला सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट तक भी पहुंचा था। हालांकि, कोर्ट की सुनवाई के दौरान नेटफ्लिक्स ने साफ किया कि उन्होंने विवाद को खत्म करने और कहानी को बेहतर ढंग से पेश करने के लिए नाम बदल दिया है। मनोज बाजपेयी ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका इरादा कभी किसी की भावनाओं को दुखाना नहीं था और वे गलती सुधारने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, दिव्या दत्ता और कीकू शारदा जैसे बेहतरीन कलाकार भी अहम रोल में नजर आएंगे।












