* पिता अपनी पुत्री के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना के लिए रखेंगे एक दिवसीय उपवास

TIL Desk लखनऊ:👉 बेटियों के प्रति प्रेम, समर्पण और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना के उद्देश्य से बेटियां उत्थान फाउंडेशन, लखनऊ द्वारा 31 अक्टूबर 2026 को पहली बार ‘बेटी व्रत’ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन में पिता अपनी बेटी के सुख, समृद्धि, उत्तम भविष्य और सर्वांगीण उत्थान की कामना के साथ एक दिवसीय उपवास रखेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन 31 अक्टूबर 2026, शनिवार को शाम 4 बजे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ के मर्करी हॉल (Mercury Hall) में किया जाएगा।

व्रत का विधान एवं उद्देश्य

इस अनूठी पहल के अंतर्गत पिता 31 अक्टूबर को षष्ठी तिथि पर सूर्योदय से सूर्यास्त तक अपनी पुत्री के मंगल और कल्याण की कामना करते हुए उपवास रखेंगे। व्रत का समापन सूर्यास्त के समय किया जाएगा। आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, व्रत समापन की प्रक्रिया शाम 5:00 से 5:15 बजे के बीच संपन्न होगी।

‘बेटी व्रत’ का उद्देश्य पिता और बेटी के भावनात्मक रिश्ते को सम्मान देना तथा समाज में बेटियों के प्रति स्नेह, सम्मान, सुरक्षा और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है। यह पहल बेटियों के महत्व को रेखांकित करने और उनके बेहतर भविष्य के लिए परिवार एवं समाज की सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का एक प्रयास है।

मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध

बेटियां उत्थान फाउंडेशन की ओर से सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध है कि वे इस विशेष आयोजन में उपस्थित होकर कार्यक्रम की मीडिया कवरेज प्रदान करें तथा बेटियों के सम्मान और उत्थान के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम विवरण

आयोजन: बेटी व्रत

आयोजक: बेटियां उत्थान फाउंडेशन, लखनऊ

दिनांक: 31 अक्टूबर 2026, शनिवार

समय: शाम 4:00 बजे

स्थान: मर्करी हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ