* महाआरती, डांस-सिंगिंग प्रतियोगिताओं और आकर्षक उपाधियों ने कार्यक्रम में बांधा समां
TIL Desk लखनऊ:👉शहर के सन रिसॉर्ट में ‘आवो रे आवो डांडिया उत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती आरती एवं दिवम शर्मा द्वारा किया गया। नवरात्रि के उल्लास, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की महाआरती से हुई।
तत्पश्चात स्नेहा रस्तोगी ने भारत नाट्यम प्रस्तुत किया | इसके पश्चात डांडिया संगीत की धुनों पर सैकड़ों युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम में पारंपरिक डांडिया नृत्य के साथ मनोरंजन और प्रतिभा प्रदर्शन के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें टंग ट्विस्टर, नृत्य प्रतियोगिता और गायन प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर ‘डांसिंग क्वीन’, ‘बेस्ट ड्रेस’ सहित विभिन्न आकर्षक उपाधियां भी प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. दिनेश माथुर, मंडलीय वार्डन, नागरिक सुरक्षा, राजाजीपुरम रहे । विशिष्ट अतिथियों में डॉ. प्रेरणा मित्र, प्रधानाचार्य, एमिटी स्कूल; गौरव ह्यूमन तथा प्रियंका दीक्षित सहित अन्य गणमान्य अतिथि रुचि माथुर, दीपिका, मीनू , डॉ चारू, कादम्बिनी, अर्चना आदि उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कार्यक्रम में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की और आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार जताया। डांडिया, संगीत, भक्ति और सामूहिक सहभागिता से परिपूर्ण इस आयोजन ने नवरात्रि के उत्सव को यादगार बनाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम ने पारंपरिक भारतीय संस्कृति, सामुदायिक सहभागिता और उत्सवधर्मिता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।














