TIL Desk जकार्ता:👉 इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत में एक अवैध सोने की खदान में अचानक बाढ़ का पानी घुसने से बड़ा हादसा हो गया है। राजधानी जकार्ता से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण में स्थित बोगोर जिले के पोंगकोर इलाके में हुए इस हादसे में अब तक 16 मजदूरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 10 अन्य खनिक अभी भी लापता हैं। जमीन से करीब 100 मीटर नीचे फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
कैसे हुआ यह भीषण हादसा?
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सोमवार देर रात की है। मजदूर पहाड़ी इलाके में स्थित इस अनधिकृत खदान के अंदर सोने के कण निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे। उसी दौरान क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे पास बहने वाली सिसेउरेउह (Ciseureuh) नदी उफान पर आ गई और उसका पानी तेज बहाव के साथ खदान की संकरी सुरंगों में भर गया। पानी का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण खनिकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हालांकि, पानी भरने से ठीक पहले खदान के एक हिस्से में काम कर रहे 11 मजदूर किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे।
बचाव अभियान में आ रहीं बड़ी चुनौतियां
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी (BASARNAS) के करीब 325 बचावकर्मी मौके पर जुटे हुए हैं। जकार्ता खोज एवं बचाव कार्यालय की प्रमुख देसियाना कार्तिका बहारी ने बताया कि खदान की गहराई लगभग 100 मीटर (330 फीट) है। सुरंगों के बेहद संकरे होने, घने अंधेरे, फिसलन और लगातार रिसते भूजल के कारण रेस्क्यू टीमों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खदान से पानी निकालने के लिए हैवी सबमर्सिबल पंप लगाए गए हैं और बचावकर्मी रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।
अवैध खनन बना हादसों की वजह
पश्चिमी जावा पुलिस के प्रवक्ता हेंद्रा रोचमावन के मुताबिक, अवैध रूप से खनन होने के कारण शुरुआत में स्थानीय लोगों ने खुद ही पानी निकालने की कोशिश की और पुलिस को हादसे की सूचना करीब 16 घंटे देरी से मिली। अधिकारियों का कहना है कि समय बीतने के साथ लापता मजदूरों के जीवित बचने की उम्मीदें कम होती जा रही हैं, फिर भी प्रयास जारी हैं।












