TIL Desk बाली :👉 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आज आधिकारिक घोषणा करते हुए भारतीय खेल प्रशासक जय शाह को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए अपना चेयरमैन नियुक्त किया है। इंडोनेशिया के बाली में संपन्न हुई आईसीसी बोर्ड और समिति की अहम बैठकों के दौरान सभी निदेशकों ने सर्वसम्मति से उनके नाम का प्रस्ताव रखा। किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में न उतरने के कारण 38 वर्षीय जय शाह को निर्विरोध इस शीर्ष पद के लिए चुन लिया गया। यह नया कार्यकाल दो वर्षों का होगा, जो वैश्विक क्रिकेट के सबसे महत्वपूर्ण मोड़ पर नेतृत्व की निरंतरता सुनिश्चित करेगा।

महत्वपूर्ण आयोजनों और ओलंपिक पर रहेगा मुख्य फोकस
आईसीसी बोर्ड ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि यह फैसला जय शाह की कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता में बोर्ड के गहरे विश्वास को दर्शाता है। आने वाले दो वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कई बड़े बदलावों और ऐतिहासिक पड़ावों से गुजरने वाला है। इनमें साल 2027 में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी में होने वाला वनडे विश्व कप और सबसे खास 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी शामिल है। आईसीसी की रणनीति के केंद्र में अब खेल का वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या में बढ़ोतरी और व्यावसायिक विकास प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। इसके साथ ही महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और एसोसिएट देशों को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जय शाह ने जताया बोर्ड का आभार
दोबारा इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए चुने जाने पर जय शाह ने आईसीसी बोर्ड के सभी निदेशकों और सदस्य देशों का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आईसीसी चेयरमैन के रूप में सेवा देना उनके लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी दोनों है। शाह के अनुसार, विश्व क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने और युवाओं की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे सभी सदस्य बोर्डों के साथ मिलकर महत्वाकांक्षाओं को धरातल पर उतारेंगे और खेल की एक स्थायी विरासत तैयार करेंगे।

शानदार रहा है प्रशासनिक सफर
गौरतलब है कि जय शाह पहली बार अगस्त 2024 में आईसीसी चेयरमैन चुने गए थे और दिसंबर 2024 में उन्होंने ग्रेग बार्कले की जगह कार्यभार संभाला था। उस समय वे इस पद पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति बने थे। आईसीसी से पहले वे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के मानद सचिव और एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष के रूप में भी सफल भूमिका निभा चुके हैं। उनकी इस नियुक्ति पर इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख रिचर्ड थॉम्पसन सहित कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट दिग्गजों और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बधाई देते हुए इसे विश्व क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ संकेत बताया है।