TIL Desk नई दिल्ली :👉 न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने के बाद भारतीय क्रिकेट में नई बहस छिड़ गई है। इस मामले पर अब भारत के पूर्व विश्व विजेता कप्तान कपिल देव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि टीम का चयन किसी की निजी पसंद या नापसंद के आधार पर नहीं होता, बल्कि यह पूरी तरह चयनकर्ताओं, कप्तान और टीम प्रबंधन की योजना का हिस्सा होता है।
नई दिल्ली में फिक्की (FICCI) द्वारा आयोजित 'बिजनेस ऑफ स्पोर्ट्स' के 16वें ग्लोबल समिट के दौरान मीडिया से बात करते हुए कपिल देव ने सिराज का समर्थन तो किया, लेकिन चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को नसीहत भी दी। जब उनसे सिराज के बाहर होने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, "इस बारे में चयनकर्ताओं से सवाल किया जाना चाहिए। मैं इस पर बोलने वाला कोई नहीं हूं। जिन लोगों के पास टीम चुनने की जिम्मेदारी है, जवाब भी उन्हीं को देना चाहिए। वे अपना काम बेहतर तरीके से कर रहे हैं और एक साथ सभी को संतुष्ट नहीं किया जा सकता।"
कपिल देव ने आगे कहा कि व्यक्तिगत तौर पर उन्हें सिराज की गेंदबाजी पसंद है, लेकिन किसी एक खिलाड़ी के लिए पूरी व्यवस्था की आलोचना करना ठीक नहीं है। उनके अनुसार, "हो सकता है किसी को लगे कि सिराज को मौका मिलना चाहिए था और कोई दूसरा यह कहे कि वह इस समय जगह के हकदार नहीं हैं। मेरी राय या पसंद से कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए। यह बीसीसीआई और टीम प्रबंधन की रणनीति पर निर्भर करता है। सबसे बड़ी बात यह है कि भारतीय क्रिकेट टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है।"
गौरतलब है कि मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में सिराज भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रहे हैं और 43 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। इसके बावजूद वेलिंगटन टेस्ट में टीम इंडिया ने जसप्रीत बुमराह के साथ आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा और डेब्यूटेंट अंशुल कंबोज को तेज गेंदबाजी आक्रमण में शामिल किया। सिराज को बाहर रखने के फैसले पर पूर्व कोच रवि शास्त्री, सुनील गावस्कर, मोहम्मद अजहरुद्दीन और अजिंक्य रहाणे ने भी हैरानी जताई थी। वहीं, कुछ राजनीतिक बयानों के कारण भी इस मुद्दे ने तूल पकड़ लिया था, जिस पर कपिल देव ने सिस्टम पर भरोसा रखने की बात कही है।












