* गौर गोरखपुर लायंस को 15 रन से हराया, कप्तान ने 48 गेंदों पर नाबाद 92 रन ठोके
TIL Desk लखनऊ/ कप्तान करन शर्मा की 48 गेंदों पर खेली गई नाबाद 92 रन की तूफानी पारी के दम पर गत चैंपियन काशी रुद्रास ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में काशी ने गौर गोरखपुर लायंस को 15 रन से शिकस्त दी। करन को शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी ने 50 रन की साझेदारी के साथ तेज शुरुआत की। साहब युवराज सिंह ने 25 गेंदों पर 41 रन बनाए। हालांकि निशांत ठाकुर ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर काशी को दबाव में ला दिया। 10वें ओवर तक टीम 88 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी।
इसके बाद करन शर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए चार चौके और नौ छक्के लगाए। अंतिम चार ओवरों में काशी ने 76 रन जोड़कर स्कोर को 20 ओवर में छह विकेट पर 194 रन तक पहुंचाया। करन की इस पारी के साथ वह लीग की ऑरेंज कैप पर भी काबिज हो गए। तीन मैचों में उनके खाते में 161 रन हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गोरखपुर लायंस की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 179 रन ही बना सकी। अभय प्रताप सिंह ने पहली गेंद पर छक्का लगाकर शुरुआत की, लेकिन वैभव चौधरी ने दूसरे ओवर में आर्यन जुयाल को आउट कर काशी को पहली सफलता दिलाई। विजय यादव ने अभय और शिवम चौधरी को आउट कर लायंस को 50 रन पर तीन विकेट के संकट में डाल दिया।
सिद्धार्थ यादव और प्रिंस यादव ने 55 रन की साझेदारी कर वापसी की कोशिश की, लेकिन करन शर्मा ने प्रिंस और वैभव चौधरी ने सिद्धार्थ को पवेलियन भेजकर काशी की पकड़ मजबूत कर दी। अंतिम ओवरों में गोरखपुर के बल्लेबाजों ने तेज रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से 15 रन दूर रह गई।
इस जीत के साथ काशी रुद्रास ने तीन मैचों में दूसरी जीत हासिल की, जबकि गौर गोरखपुर लायंस को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने टॉस और घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, आयोजन समिति के सदस्य अजीज अहमद खान, मोहनलाल अग्रवाल, फैसल शेरवानी, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।













