TIL Desk नई दिल्ली:👉अगर आपका भी प्रोविडेंट फंड (PF) से जुड़ा कोई काम लंबे समय से अटका हुआ है, या फिर ऑनलाइन पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों के कारण क्लेम अटक रहा है, तो आपके लिए एक बेहद जरूरी और काम की खबर है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपनी बेहद लोकप्रिय जिला संपर्क पहल 'निधि आपके निकट 2.0' के तहत 28 सितंबर 2026 को देश के विभिन्न जिलों में विशेष शिविर (स्पेशल कैंप) आयोजित करने जा रहा है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पीएफ खाताधारकों की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निपटारा करना है.

आमतौर पर तकनीक और ऑनलाइन प्रक्रियाओं से असहज रहने वाले कर्मचारियों या बुजुर्ग पेंशनभोगियों के लिए ईपीएफओ की डिजिटल सेवाओं का उपयोग करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. ऐसे सदस्यों की मदद के लिए ईपीएफओ के आला अधिकारी इस कैंप में सीधे आमने-सामने बातचीत के लिए उपलब्ध रहेंगे. इस शिविर में केवल शिकायतों का निवारण ही नहीं होगा, बल्कि सदस्यों और पेंशनभोगियों को ईपीएफओ की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, नई गाइडलाइंस और सेवाओं के बारे में विस्तार से समझाया जाएगा.

इस विशेष कैंप में पीएफ निकासी (विथड्रॉल) में हो रही देरी, ई-नॉमिनेशन, यूएएन (UAN) एक्टिवेशन, केवाईसी (KYC) अपडेट, नाम या जन्मतिथि में सुधार और पेंशन से जुड़ी समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाएगा. इसके अलावा, नियोक्ताओं (Employers) को भी तकनीकी और प्रक्रियात्मक दिक्कतों के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा.

ईपीएफओ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस शिविर की जानकारी साझा की है. अगर आप भी इस कैंप का लाभ उठाना चाहते हैं, तो अपने नजदीकी कैंप की लोकेशन जांचने के लिए EPFO Official Website पर जा सकते हैं. संगठन ने सलाह दी है कि कैंप में जाने से पहले अपने पीएफ खाते से जुड़े जरूरी दस्तावेज जैसे यूएएन नंबर, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक अवश्य साथ रखें, ताकि अधिकारी मामले को देखकर तुरंत कार्रवाई कर सकें.