TIL Desk लखनऊ:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। फिलहाल, लखनऊ पुलिस इस हत्याकांड में आगे की तफ्तीश में जुटी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शुरुआत में जानकारी आई कि लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकखंड में दिन-दहाड़े एक महिला बैंक अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोपहर करीब 12 बजे महिला को ICICI बैंक ब्रांच के बाहर बुलाकर गोली मारी गई थी। व्यक्ति ने वारदात को अंजाम देने से पहले महिला से थोड़ी देर बात की और फिर कथित तौर पर गोली मारकर मौके से भाग गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर बैंक कर्मचारी और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। तुरंत महिला को नजदीक के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान दिव्या मिश्रा के रूप में हुई। वह आईसीआईसीआई बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर कार्यरत थी।
आरोप है कि दिव्या मिश्रा को उसके पति मानस बाजपेयी ने गोली मारी थी, जो खुद भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की जानकीपुरम ब्रांच में काम करता था।














