TIL Desk लखनऊ:👉कप्तान रिंकू सिंह की 10 गेंदों पर 30 रन की तूफानी पारी और लेग स्पिनर जीशान अंसारी की शानदार गेंदबाजी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने बारिश से प्रभावित यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स को 19 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ मेरठ ने लीग में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए लगातार सातवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बारिश के कारण मैच समय पर शुरू नहीं हो सका। मैदान के निरीक्षण के बाद मुकाबले को पांच-पांच ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर कानपुर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

मेरठ मावेरिक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच ओवर में तीन विकेट पर 96 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 29 रन तक दो विकेट गिर गए। स्वास्तिक चिकारा ने पांच गेंदों पर 11 रन बनाए, जबकि ऋतुराज शर्मा ने महज चार गेंदों में 16 रन की तेज पारी खेली।

इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 10 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 30 रन ठोक दिए। रिंकू की पारी ने मेरठ को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की नींव रखी। अंतिम ओवरों में दिव्यांश जोशी ने सात गेंदों पर नाबाद 22 और दिव्यांश राजपूत ने नाबाद 14 रन बनाकर टीम का स्कोर 96 रन तक पहुंचाया। कानपुर की ओर से अजय कुमार ने दो विकेट लिए।

97 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स ने तेज शुरुआत की। आदर्श सिंह ने आठ गेंदों पर 28 रन और समीर रिजवी ने 13 गेंदों पर 22 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि मेरठ के लेग स्पिनर जीशान अंसारी ने गेंद संभालते ही मैच का रुख पलट दिया।

जीशान ने अपने दो ओवर में महज 12 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उन्होंने समीर रिजवी (22), आदर्श सिंह (28) और सत्यम सांगू (0) को पवेलियन भेजकर कानपुर की रन गति पर ब्रेक लगा दिया। कानपुर की टीम निर्धारित पांच ओवर में तीन विकेट पर 77 रन ही बना सकी और मेरठ ने मुकाबला 19 रन से अपने नाम कर लिया।

जीशान अंसारी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

क्रिकेट को नई ऊर्जा दे रही यूपी टी-20 लीग:  

मुकाबले की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के वन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने टॉस कराकर और पारंपरिक रूप से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग ने प्रदेश में क्रिकेट के माहौल को नई ऊर्जा दी है। लीग युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रही है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को मजबूत मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य साजिद उमर, सहारनपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव यशपाल सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।