TIL Desk लखनऊ/ लखनऊ फाल्कन्स के 183 रन के मजबूत स्कोर पर मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह की तूफानी पारी भारी पड़ गई। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के मुकाबले में बारिश के कारण खेल बाधित होने के बाद मेरठ ने डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से पांच रन से रोमांचक जीत दर्ज की। रिंकू सिंह को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स ने छह विकेट पर 183 रन बनाए। मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों पर 45 रन की तेज पारी खेली, जबकि अजीत वर्मा ने 37 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 53 रन बनाए। दोनों ने टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। मेरठ की ओर से जीशान अंसारी और विजय कुमार ने दो-दो विकेट लिए।
184 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ की शुरुआत खराब रही। स्वास्तिक चिकारा को भुवनेश्वर कुमार ने दो चौकों के बाद आउट किया। इसके बाद अभिनंदन सिंह ने रितुराज शर्मा और अक्षय दुबे को पवेलियन भेजकर मेरठ का स्कोर 22 रन पर तीन विकेट कर दिया। दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने 52 रन जोड़कर पारी संभाली, लेकिन दोनों के आउट होने से मेरठ फिर दबाव में आ गया।
अंतिम पांच ओवर में 59 रन की जरूरत थी, तभी रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अभिनंदन सिंह के ओवर में 19 रन बटोरे। बारिश के बीच रिंकू ने नवनीत कुमार के 17वें ओवर में पांच गेंदों पर 26 रन ठोककर मैच का रुख पलट दिया।
मेरठ 16.5 ओवर में छह विकेट पर 154 रन तक पहुंचा और डीएलएस पार स्कोर से पांच रन आगे हो गया। बारिश नहीं थमने पर अंपायरों ने खेल रोक दिया और मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो सका। नाबाद 55 रन बनाने वाले रिंकू ने मेरठ को यादगार जीत दिलाई।














