TIL Desk हिसार/ हिसार कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े गैंगवार की घटना से हड़कंप मच गया। कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचे गैंगस्टर विनोद पन्नू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की, जबकि मौके पर मौजूद एक वकील के मुताबिक कोर्ट के मुख्य गेट के आसपास करीब 15 से 20 राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है। फायरिंग की इस घटना से कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

वकील ने बताया कि हिसार कोर्ट में आज दो पक्षों के बीच गैंगवार जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना में करीब तीन लोगों के गोली लगने की सूचना है। वकील ने बताया कि जिस मामले में दोनों पक्ष कोर्ट पहुंचे थे, उसमें कोई महत्वपूर्ण फैसला आने की संभावना थी।

आशंका जताई जा रही है कि इसी मामले से जुड़े दोनों पक्षों के बीच कोर्ट परिसर में विवाद हुआ और देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। मेन गेट की तरफ करीब 15 से 20 राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा वकीलों की पार्किंग के अंदर भी दो राउंड फायर होने की जानकारी है। यह वकीलों की सुरक्षा के लिहाज से मामला बड़ा संवेदनशील है।