TIL Desk लखनऊ:
आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुचर्चित फिल्म 'बंटवारा 1947' की रिलीज से पहले इसका प्रमोशनल अभियान लगातार तेज हो रहा है। पटना और इंदौर के बाद अब फिल्म की स्टारकास्ट 6 अगस्त को लखनऊ पहुंचेगी। अभिनेता सनी देओल अपनी टीम के साथ शहर में आयोजित विशेष प्रमोशनल कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे मीडिया से बातचीत करेंगे और अपने प्रशंसकों से भी मुलाकात करेंगे।
भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित इस ऐतिहासिक ड्रामा को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है। फिल्म के पोस्टर, टीजर और ट्रेलर को दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिला है। मेकर्स का मानना है कि फिल्म की भावनात्मक कहानी और दमदार प्रस्तुति दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाएगी।
करीब तीन दशक बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। फिल्म में शबाना आज़मी, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। संगीत ए.आर. रहमान का है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।













