- 'रामायण' के मेकर्स 9 जुलाई से शुरू करेंगे स्कूल एक्टिवेशन ड्राइव, पढ़ें डिटेल्स
TIL Desk Bollywood:
400 से ज्यादा स्कूलों, 18 शहरों और 5 लाख से ज्यादा छात्रों तक पहुंच रखने वाला यह कैंपेन फिल्म की थिएटर रिलीज से पहले 'रामायण' की विरासत को देशभर के बच्चों और युवाओं तक पहुंचाने के लिए तैयार किया गया है।
एक खास सांस्कृतिक पहल के तहत 'रामायण' की टीम 9 जुलाई से देशभर में बड़े स्तर पर एक स्कूल कैंपेन शुरू करने जा रही है। इसका मकसद भारत के सबसे लोकप्रिय महाकाव्यों में से एक 'रामायण' की भावना, उसके मूल्यों और विरासत को सीधे देश के बच्चों तक पहुंचाना है।
बच्चों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस कैंपेन को 18 शहरों के 400 से ज्यादा स्कूलों में चलाया जाएगा और इसके जरिए 5 लाख से ज्यादा छात्रों तक पहुंचने की उम्मीद है। इस पहल के तहत बच्चे 'रामायण' से जुड़ी कई खास गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इनमें ड्रॉइंग, क्रिएटिव एक्टिविटीज, क्विज प्रतियोगिताएं और इंटरैक्टिव डिस्कशन शामिल हैं। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों को अपने परिवार के साथ मिलकर 'रामायण' को समझने और उससे जुड़ने का मौका मिलेगा। साथ ही, यह पहल बच्चों और उनके माता-पिता के बीच 'रामायण' की कहानियों, मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को लेकर बातचीत को भी बढ़ावा देगी। "हमारा सत्य। हमारा इतिहास।" की सोच पर आधारित इस कैंपेन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भागीदारी, रचनात्मकता और कहानी कहने के जरिए 'रामायण' से जोड़ना है।
यह पहल 'रामायण' की रिलीज से पहले की बड़ी तैयारियों का अहम हिस्सा है। फिल्ममेकर नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा इस भारतीय महाकाव्य को वैश्विक स्तर पर बड़े पैमाने पर पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। दो भागों में बनने वाली 'रामायण' का पहला भाग एक भव्य सिनेमाई अनुभव होगा, जो भारत की सबसे पूजनीय कहानियों में से एक को बड़े पैमाने, भावनाओं और शानदार विजुअल्स के साथ दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाएगा।
स्कूल कैंपेन पर बात करते हुए 'रामायण' के मेकर्स ने कहा, "रामायण पीढ़ियों से अपनी कहानियों, मूल्यों और यादों के जरिए लोगों के बीच जिंदा रही है। इस स्कूल आउटरीच पहल के जरिए हमारी कोशिश इस विरासत को बच्चों तक एक दिलचस्प और आसान तरीके से पहुंचाने की है। जैसे-जैसे हम 'रामायण' को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं, हम चाहते हैं कि बच्चे इसे सिर्फ एक पौराणिक कहानी के तौर पर न देखें, बल्कि साहस, कर्तव्य, प्रेम और धर्म की ऐसी कहानी के रूप में महसूस करें, जो आज भी लोगों को प्रेरित करती है।"
यह स्कूल कैंपेन बच्चों को 'रामायण' की दुनिया से जुड़ने का एक खास और सार्थक मौका देने के लिए तैयार किया गया है। साथ ही, इसका मकसद भारत की संस्कृति में 'रामायण' की अहम जगह का जश्न मनाना भी है। कई शहरों में चलाए जाने वाले इस अभियान से बड़े स्तर पर बच्चों की भागीदारी की उम्मीद है और फिल्म की रिलीज से पहले युवाओं के बीच इसके लिए मजबूत जुड़ाव बनाने की कोशिश की जाएगी।
दुनिया के सबसे लोकप्रिय महाकाव्यों में से एक 'रामायण' से प्रेरित नितेश तिवारी की 'रामायण' इसके कालजयी जज्बात और भव्यता को बड़े सिनेमाई स्तर पर पेश करने के लिए तैयार है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी सीता की भूमिका निभाएंगी। वहीं, रॉकिंग स्टार यश रावण के किरदार में दिखेंगे। सनी देओल हनुमान की भूमिका निभाएंगे और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज, 8 बार ऑस्कर जीत चुके वीएफएक्स स्टूडियो डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर प्रोड्यूस कर रही है। यह दो भागों में बनने वाली फिल्म दुनियाभर में आईमैक्स में रिलीज होगी। इसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा।














