* बदहाल हॉस्टल, विश्राम कक्ष और वॉशरूम की समस्या से भी परेशान डॉक्टर, निश्चित ड्यूटी आवर्स और बेहतर सुविधाओं की मांग
TIL Desk लखनऊ:👉विवेकानंद पॉलीक्लिनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान के रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। डॉक्टरों की प्रमुख मांग वर्ष 2018 से लंबित स्टाइपेंड (मानदेय) में वृद्धि और संस्थान में बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कराने की है। रेजिडेंट डॉक्टरों का कहना है कि पिछले आठ वर्षों में महंगाई लगातार बढ़ी है, लेकिन उनके मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। ऐसे में मौजूदा स्टाइपेंड में जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है।
हड़ताल कर रहे डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि संस्थान में उनसे अनिश्चितकाल तक ड्यूटी कराई जाती है। काम के घंटे निर्धारित नहीं होने से उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने मांग की है कि ड्यूटी का समय निर्धारित किया जाए, ताकि काम और आराम के बीच संतुलन बना रहे।
रेजिडेंट डॉक्टरों ने संस्थान की आवासीय और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रहने के लिए आवंटित हॉस्टल की स्थिति बेहद खराब है और वहां रहना मुश्किल है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में डॉक्टरों के लिए उचित विश्राम कक्ष और स्वच्छ वॉशरूम तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
डॉक्टरों के मुताबिक, इन समस्याओं को लेकर कई बार संस्थान प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से परेशान होकर उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।
रेजिडेंट डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन और समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।













