TIL Desk लखनऊ:👉मध्य कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने लखनऊ आगमन पर 'संग्राम 1857' एनसीसी साइकिलिंग अभियान का गर्म जोशी के साथ स्वागत किया। 17 दिनों में 2000 किलोमीटर की कुल दूरी तय करने वाला यह अभियान दल 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की याद में यूपी एनसीसी निदेशालय द्वारा आयोजित किया गया है। आगरा एनसीसी समूह के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एनएस चारग समेत, अभियान दल में 15 लोग शामिल हैं।

इस दल में यूपी एनसीसी निदेशालय के कैडेटों में से पांच बालिका कैडेट भी शामिल हैं। यह अभियान 01 जनवरी 2025 को मेरठ से शुरू हुआ जो सभी प्रमुख युद्धक्षेत्रों और विद्रोह के महत्वपूर्ण स्थानों से होकर गुजरेगा। 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने के बाद यह दल आज लखनऊ पहुंचा। इस अवसर पर यूपी एनसीसी निदेशालय के कैडेटों ने एक 'नुक्कड़ नाटक' प्रस्तुत किया, जिसमें 1857 के विद्रोह की महत्वपूर्ण घटनाओं, भावी पीढ़ियों पर इसके प्रभाव और विद्रोह में योगदान देने वाली हस्तियों पर प्रकाश डाला गया।

मध्य कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने इस पहल के लिए यूपी एनसीसी निदेशालय की सराहना की। आर्मी कमांडर ने अभियान दल की फिटनेस, समर्पण और प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा, "अभियान का शीर्षक 'संग्राम 1857' और 'समर से समृद्धि की ओर' की थीम भारत को आत्मनिर्भर बनाने और राष्ट्रों के समुदाय में अपना उचित स्थान हासिल करने के हमारे सामूहिक प्रयास से मेल खाती है।" आर्मी कमांडर ने यूपी एनसीसी निदेशालय को इस विषय पर एक साइकिल अभियान की संकल्पना और आयोजन के लिए बधाई दी।

इससे पहले, आर्मी कमांडर ने पूरे अभियान दल को स्मृति चिन्ह भेंट किए और एनसीसी कैडेटों के साथ बातचीत की। इस अवसर पर मध्य कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल मुकेश चड्ढा, उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के एडीजी मेजर जनरल विक्रम कुमार और मध्य कमान और यूपी एनसीसी निदेशालय के अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उपस्थित थे। यह अभियान आने वाले दिनों में यूपी के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगा और अंततः नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2025 की रैली के दौरान समाप्त होगा, जहां माननीय प्रधानमंत्री द्वारा इस अभियान को हरी झंडी दिखाकर स्वागत किया जाएगा।

View this post on Instagram

A post shared by TV INDIA LIVE (@tvindialivenews)