TIL Desk मुंबई:👉 बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा श्रद्धा कपूर और सुरों की मल्लिका श्रेया घोषाल की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के बीच अपना जादू बिखेरने के लिए लौट आई है। साल 2013 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'आशिकी 2' के पूरे 13 साल बाद दोनों कलाकार एक साथ काम कर रहे हैं। श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म 'ईठा' (Eetha) का पहला गाना 'जी जी रे जी' (Ji Ji Re Ji) हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसे श्रेया घोषाल ने अपनी मधुर आवाज दी है। इस खास मौके पर श्रद्धा कपूर बेहद भावुक नजर आईं और उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया।
बेंगलुरु कॉन्सर्ट में दिखा सरप्राइज रीयूनियन
हाल ही में बेंगलुरु में श्रेया घोषाल के 'अनस्टॉपेबल इंडिया टूर' के दौरान दर्शकों को एक बड़ा सरप्राइज मिला, जब श्रद्धा कपूर अचानक मंच पर पहुंच गईं। क्रीम रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आईं श्रद्धा ने न केवल 'जी जी रे जी' की धुन पर जमकर ठुमके लगाए, बल्कि श्रेया के आग्रह पर 'आशिकी 2' का आइकॉनिक गाना 'सुन रहा है ना तू' भी गुनगुनाया। दोनों को एक ही मंच पर साथ देखकर स्टेडियम में मौजूद प्रशंसक खुशी से झूम उठे और सोशल मीडिया पर इस खास पल के वीडियो तेजी से वायरल हो गए।
सोशल मीडिया पर श्रद्धा ने बयां किए जज्बात
इस यादगार मुलाकात के बाद श्रद्धा कपूर ने इंस्टाग्राम पर श्रेया घोषाल के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए एक दिल छू लेने वाला नोट लिखा। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए किसी जादू से कम नहीं है कि 'जी जी रे जी' जैसे ऊर्जावान गाने को श्रेया घोषाल की आवाज मिली है। श्रद्धा ने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा कि 13 साल पहले भी श्रेया ही 'आरोही' की आवाज बनी थीं, जिस किरदार ने उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी थी। एक्ट्रेस ने अपने मंच पर बुलाने और इतना प्यार देने के लिए गायिका का आभार भी जताया।
मराठी मुलगी के अंदाज में दिखीं श्रद्धा
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'ईठा' के इस पहले गाने में श्रद्धा कपूर पारंपरिक नौवारी साड़ी पहनकर जबरदस्त लावणी नृत्य करती दिखाई दे रही हैं। अजय-अतुल के संगीत और अमिताभ भट्टाचार्य के बोल से सजे इस गीत को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। दिनेश विजन द्वारा निर्मित यह फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है, जिसमें श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।













