TIL Desk मुंबई:👉 बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन और पैपराजी (फोटोग्राफर्स) के बीच की तल्खी किसी से छिपी नहीं है। अक्सर सार्वजनिक मंचों पर जया बच्चन का मीडियाकर्मियों पर गुस्सा फूटता रहता है। इस बीच, एक्ट्रेस काजोल की छोटी बहन तनीषा मुखर्जी सीनियर एक्ट्रेस के सपोर्ट में खुलकर सामने आ गई हैं। तनीषा ने पैपराजी पर बड़ा आरोप लगाते हुए उन्हें अपनी हरकतें सुधारने की कड़ी नसीहत दी है।
शारदीय नवरात्रि और मुंबई के मशहूर नॉर्थ बॉम्बे सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल की तैयारियों के बीच मीडिया से बातचीत करते हुए तनीषा मुखर्जी ने पैपराजी से एक खास और सख्त अपील की। तनीषा ने दोटूक शब्दों में कहा कि कुछ फोटोग्राफर्स जानबूझकर जया बच्चन के सामने जाकर उन्हें पोक (उकसाने की कोशिश) करते हैं ताकि वह कैमरे पर गुस्सा हो जाएं।
तनीषा ने मीडियाकर्मियों से अपील करते हुए कहा, "मैंने खुद देखा है कि आप में से कुछ लोग जानबूझकर उन्हें उकसाने की कोशिश करते हैं। मैं आप सभी से गुजारिश करती हूँ कि कम से कम हमारे दुर्गा पूजा पंडाल में ऐसी हरकतें बिल्कुल न करें। प्लीज हमारी जया आंटी को परेशान मत कीजिए, ठीक है ना?"
बता दें कि मुखर्जी परिवार द्वारा हर साल आयोजित किए जाने वाले इस भव्य दुर्गा पंडाल में जया बच्चन माता रानी के दर्शन के लिए जरूर पहुंचती हैं और मुखर्जी परिवार के साथ उनके काफी करीबी और पारिवारिक संबंध हैं। तनीषा ने सिर्फ जया बच्चन का बचाव ही नहीं किया, बल्कि पंडाल में आने वाले आम भक्तों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
उन्होंने पैपराजी और आम जनता से उत्सव के दौरान इंसानियत बनाए रखने और धक्का-मुक्की से बचने का आग्रह किया। तनीषा ने कहा कि त्योहार में भारी भीड़ उमड़ती है, इसलिए हर किसी को एक-दूसरे की सुरक्षा और निजता का सम्मान करना चाहिए। अब तनीषा का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।













