TIL Desk मुंबई :👉बिहार की राजनीति में अपने अनूठे और बेबाक अंदाज के लिए मशहूर पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव इन दिनों ओटीटी की दुनिया में तहलका मचा रहे हैं। दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग द्वारा होस्ट किए जा रहे मशहूर रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' के सीजन 2 में तेज प्रताप ने अपनी ऐसी चालें चली हैं कि घर के बड़े-बड़े खिलाड़ी पस्त हो गए हैं। हाल ही में हुए एक हाई-वोल्टेज टास्क को जीतकर तेज प्रताप इस सीजन के पहले 'अल्टीमेट रूलर' बन गए हैं और सत्ता हाथ में आते ही उन्होंने खुद को 'पेंटहाउस का प्रधानमंत्री' घोषित कर दिया है।

'पेट्रोल चैलेंज' जीतकर हासिल की परम शक्ति

शो में 'रूलर्स' और 'वर्कर्स' के बीच ऊपर चढ़ने और नीचे गिरने की कड़ी जंग चल रही है। इसी कड़ी में 'असली या नकली' चैलेंज के बाद फाइनल राउंड में तेज प्रताप यादव का मुकाबला इरीना रुदाकोवा से हुआ। इस मुश्किल 'पेट्रोल चैलेंज' में तेज प्रताप ने अपनी शानदार रणनीति से 6 लीटर असली पेट्रोल हासिल किया और इरीना को पीछे छोड़ते हुए सीजन के पहले 'अल्टीमेट रूलर' का खिताब अपने नाम कर लिया।

जीत के बाद हमेशा की तरह अपने देसी स्वैग में बात करते हुए तेज प्रताप ने मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मजाकिया लहजे में कहा, "मैं इस पेंटहाउस का प्रधानमंत्री बन गया हूं।" हालांकि, उन्होंने बाद में हंसते हुए यह भी साफ किया कि वह देश के नहीं, बल्कि केवल इस शो के टावर और पेंटहाउस के प्रधानमंत्री हैं।

मनीष कश्यप और प्रियंका चौधरी के साथ बदले समीकरण

तेज प्रताप यादव के 'अल्टीमेट रूलर' बनते ही शो के समीकरण पूरी तरह बदलते हुए नजर आ रहे हैं। शो के दौरान जब टीवी स्टार प्रियंका चाहर चौधरी ने तेज प्रताप से पूछा कि वे मनीष कश्यप को क्यों सपोर्ट कर रहे हैं, तो तेज प्रताप को मनीष की पुरानी बातें याद आ गईं। उन्होंने कहा कि मनीष ने बिहार में उनके भाई (तेजस्वी यादव) के खिलाफ बात की थी। इस वजह से गेम में बड़ा उलटफेर करते हुए तेज प्रताप ने मौका मिलते ही प्रियंका को रेस से बाहर का रास्ता दिखा दिया। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर वायरल प्रोमो के अनुसार अब पेंटहाउस में तेज प्रताप यादव और मनीष कश्यप के बीच भी तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है।

राजनीति के अखाड़े के बाद अब मनोरंजन की दुनिया में कभी बांसुरी बजाते, तो कभी रेड रूम में थिरकते तेज प्रताप का यह 'रूलर' अवतार दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। अब यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि 'पेंटहाउस के प्रधानमंत्री' बनकर तेज प्रताप बेसमेंट के खिलाड़ियों पर किस तरह राज करते हैं और अपने इस दरबार को कैसे चलाते हैं।