TIL Desk लखनऊ:👉  रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत देश के सबसे प्राचीन विभागों में से एक, रक्षा लेखा विभाग का 279वाँ स्थापना दिवस समारोह 1 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, लखनऊ के रामायण प्रेक्षागृह में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभाग की इस गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में पिछले एक सप्ताह से 'स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी' अभियान, 'आयुर्वेद दिवस' पर सेमिनार और एक व्यापक 'रक्तदान शिविर' जैसे सराहनीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था।

समारोह के मुख्य आकर्षणों में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और खेलकूद प्रतियोगिताएं शामिल रहीं, जिनमें विभाग के सभी वर्गों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस विशेष अवसर पर प्रधान नियंत्रक संजय कुमार चौधरी द्वारा विभाग की प्रतिष्ठित हिंदी पत्रिका ‘रक्षा लेखा भारती’ के 18वें संस्करण का विमोचन किया गया। साथ ही, कर्मचारियों की सुविधा के लिए कार्यालय के नवीनीकृत जलपान गृह (कैंटीन) का भी उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक संजय कुमार चौधरी ने सभी कर्मियों को संबोधित करते हुए विभाग की समृद्ध विरासत और समर्पण को सराहा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस भव्य समारोह में भारतीय रक्षा लेखा सेवा के कई भूतपूर्व वरिष्ठ अधिकारियों सहित निम्नलिखित वर्तमान अधिकारी उपस्थित रहे: संजय कुमार चौधरी – प्रधान नियंत्रक मयंक बिष्ट – एकीकृत वित्तीय सलाहकार पुस्कराज भारती – अपर नियंत्रक,चन्द्र प्रकाश – अपर नियंत्रक,हिमांशू त्रिपाठी – संयुक्त एकीकृत वित्तीय सलाहकार,के. हरीप्रीति – उप-नियंत्रक,स्वर्णिम – सहायक नियंत्रक,अजय कुमार अग्रवाल – सहायक नियंत्रक,कर्ण सिंह – सहायक नियंत्रक,संजय टिग्गा – सहायक नियंत्रक,एस. के. गुप्ता – सहायक नियंत्रक यह स्थापना दिवस समारोह विभाग की मजबूत टीम भावना, कार्य के प्रति निष्ठा और अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर को एक सूत्र में पिरोने का जीवंत उदाहरण साबित हुआ।