* ए.आर. रहमान द्वारा कंपोज, डॉ. कुमार विश्वास द्वारा लिखे बोल और अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज में गायी गई ‘जय जय राम’ आरती की आध्यात्मिक भावना को सिनेमाई गाने की भावनाओं के साथ खूबसूरती से जोड़ते हुए पेश किया गया है।

TIL Desk Entertainment:👉'रामायणम्' के मेकर्स ने आज गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया है। इस तरह से फिल्म के मेकर्स ने भगवान गणेश के आशीर्वाद के साथ गाने के जरिए फिल्म के संगीत के सफर की शुरुआत कर दी है। ‘जय जय राम’ गाना प्रभु श्री राम को समर्पित है। इसमें भगवान को की जाने वाली आरती की आध्यात्मिक भावना के साथ सिनेमैटिक साउंड का खूबसूरत मेल है। गाने में खूबसूरत बोल न सिर्फ श्री राम की करुणा, रक्षा और धर्म के प्रति उनकी निष्ठा पर रोशनी डालते हैं, बल्कि गाने में बार बार लिया गया उनका नाम हर किसी को भक्ति से जोड़ता है।

नमित मल्होत्रा, फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर ने कहा, “श्री राम ‘रामायणम्’ के केंद्र में हैं और पीढ़ियों से हर दौर में हमारे मार्गदर्शक रहे हैं। जब जिंदगी में अंधेरा होता है, तो हम उनकी शक्ति को याद करते हैं। जब हम किसी उलझन में होते हैं, तो उनके दिखाए रास्ते की ओर देखते हैं। और जब खुशियां आती हैं, तो हम उन्हें आभार के साथ याद करते हैं। ‘जय जय राम’ श्री राम के साथ हमारे इसी बेहद निजी और सदियों पुराने रिश्ते से निकला है। ‘रामायणम्’ भले ही बड़े स्तर पर बनाई जा रही है, लेकिन इसकी असली नींव इसकी भावनाओं, मूल्यों और भक्ति में है। ‘जय जय राम’ के साथ हम चाहते थे कि हमारा पहला गाना इसी आत्मा को सामने लाए और श्री राम को सिर्फ एक ऐसे भगवान के रूप में न दिखाए, जिनकी हम पूजा करते हैं, बल्कि उन्हें हमारे भीतर मौजूद रक्षक, मार्गदर्शक और शक्ति के स्रोत के रूप में सेलिब्रेट करे। गणेश चतुर्थी पर इस म्यूजिकल जर्नी की शुरुआत करना हमारे लिए खास मायने रखता है, क्योंकि हमारी संस्कृति में हर शुभ शुरुआत भगवान गणेश का आशीर्वाद लेकर ही की जाती है।”

ए.आर. रहमान ने कहा,"'जय जय राम' गाने के केंद्र में श्री राम के नाम की सरल लेकिन शक्तिशाली जाप है। संगीत के तौर पर हमारे कोशिश यह थी कि गाने के लिए अपनापन और उसकी पवित्रता को बनाया रखा जा सके। वहीं, लोगो के सामने इसके कंपोज़िशन को एक सिनेमैटिक गाने के रूप में भी बढ़ने दिया जाए। डॉ. कुमार विश्वास द्वारा लिखे गए बोल को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज से सजाया गया है, जो अलग भावनाओं को जगाता है। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को यह गाना पसंद आएगा और उन्हें इससे जुड़ाव भी महसूस होगा।"

डॉ. कुमार विश्वास ने कहा,"'जय जय राम' तीन सरल शब्द हैं, लेकिन इनके भीतर एक पूरी प्रार्थना समाई हुई है। गाना लिखते समय, मेरी कोशिश श्री राम का वर्णन करने की नहीं थी, क्योंकि उनका अर्थ शब्दों में समाया नहीं जा सकता, बल्कि हर भक्त के उनके साथ जो रिश्ता है उसे जाहिर करने की थी: हमारे मार्गदर्शक, हमारी शक्ति, और हमारी शरण के तौर पर। भाषा को सिंपल और डायरेक्ट रखा गया है क्योंकि सच्ची भक्ति को किसी अलंकरण की ज़रूरत नहीं होती। मुझे उम्मीद है कि जब लोग इस गाने को सुनें, तो वे इसे सिर्फ़ सुनें ही नहीं, बल्कि इसमें अपनी खुद की प्रार्थना भी खोजें।"

यह गाना 'रामायणम्' के ट्रेलर को दुनिया भर में मिले ग्लोबल रिस्पॉन्स के बाद रिलीज़ किया गया है। बता दें कि ट्रेलर ने कई प्लेटफॉर्म्स पर केवल छह दिनों में एक बिलियन डिजिटल व्यूज़ से ज्यादा का आंकड़ा अपने नाम कर लिया था।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्’ में रणबीर कपूर श्री राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने आठ बार अकादमी अवॉर्ड जीत चुकी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है। भारत को छोड़कर दुनियाभर में सोनी पिक्चर्स फिल्म को रिलीज करेगी। ‘रामायणम्’ का पार्ट वन इस दिवाली 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा।