TIL Desk लखनऊ:
उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (यूपीपीएचएल) के दूसरे सीजन का शुक्रवार को औपचारिक आगाज हो गया। जनवरी 2027 में लखनऊ में होने वाली इस लीग में पहली बार आठ टीमें हिस्सा लेंगी। खास बात यह है कि इस बार लखनऊ और कन्नौज की नई टीमें भी लीग से जुड़ेंगी। साथ ही विजेता टीम को कुल तीन लाख रुपये और उपविजेता को दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी, जिसमें आइकॉनिक ओलंपिक गेम्स अकादमी की ओर से 50-50 हजार रुपये का अतिरिक्त पुरस्कार भी शामिल है।
समारोह में मुख्य अतिथि एशियन हैंडबॉल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर एवं यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने लीग के नए लोगो का अनावरण किया और देश के विभिन्न राज्यों के 10 अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पहले सीजन की सफलता के बाद दूसरे संस्करण को और अधिक पेशेवर और प्रतिस्पर्धी बनाया जा रहा है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर मंच मिलेगा।
लीग के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने बताया कि प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे, जिनमें नौ उत्तर प्रदेश और नौ अन्य राज्यों एवं विभागों से चुने जाएंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण 15 अगस्त से शुरू होगा, जबकि सितंबर और अक्टूबर में गोरखपुर, अयोध्या और लखनऊ में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। दिसंबर 2026 में वाराणसी में खिलाड़ियों की नीलामी होगी। लीग राउंड रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी, जिसके बाद शीर्ष चार टीमें प्लेऑफ में जगह बनाकर खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।













