TIL Desk कानपुर:👉यूपी टी-20 लीग सीजन-4 अब अपने निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुका है। लखनऊ में धमाकेदार मुकाबलों के बाद लीग का कारवां शुक्रवार से कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंच रहा है। 28 अगस्त से 6 सितंबर तक यहां टूर्नामेंट के अंतिम 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें लीग मैचों के साथ प्लेऑफ और छह सितंबर को होने वाला ग्रैंड फिनाले शामिल है।
कानपुर चरण की शुरुआत को लेकर गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर क्रिकेट को जीने वाला शहर है और ग्रीन पार्क भारतीय क्रिकेट के इतिहास में खास स्थान रखता है। निर्णायक मुकाबलों और फाइनल को इस ऐतिहासिक मैदान पर कराने से खिलाड़ियों के साथ दर्शकों को भी रोमांचक अनुभव मिलेगा।
1945 में स्थापित ग्रीन पार्क अब तक 40 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी कर चुका है। इसमें 24 टेस्ट, 15 वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला शामिल है। यूपी टी-20 लीग के पहले सीजन के सभी मुकाबले भी इसी मैदान पर खेले गए थे।
कानपुर में क्रिकेट प्रेमियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए लीग ने ‘लकी सुपर-4 ऑफर’ भी पेश किया है। स्टेडियम में छक्का पकड़ने वाले दर्शक को 5,000 रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा स्टार खिलाड़ी के हस्ताक्षर वाली गेंद, क्रिकेट क्विज के जरिए तत्काल पुरस्कार और टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, स्मार्टफोन व बाइक जैसे आकर्षक इनामों वाला लकी ड्रॉ भी होगा। इन पुरस्कारों के लिए टिकट District by Zomato से ऑनलाइन खरीदना और मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद रहना अनिवार्य है।
अपराजित मेरठ मावेरिक्स सात मैचों में सात जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। बाकी पांच टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए जोर लगाएंगी। कानपुर चरण का पहला मुकाबला 28 अगस्त को शाम 7:30 बजे काशी रुद्रास और नोएडा सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। इसके साथ ही ग्रीन पार्क में टी-20 क्रिकेट के रोमांचक 11 दिनों का आगाज होगा।
मीडिया कोऑर्डिनेटर अहमद अली खान "तालिब" और मोहम्मद फहीम सहित आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे














