TIL Desk नई दिल्ली: 👉फ्लाईदुबई (flydubai) विमान में बीच हवा में हुए जानलेवा हमले को नाकाम कर 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मछार की अदम्य बहादुरी की चारों तरफ प्रशंसा हो रही है। अब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित की जांबाजी को सलाम करते हुए उन्हें एक सच्चा 'हीरो' बताया है। नई दिल्ली में यूपीएससी (UPSC) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने इस घटना का विशेष जिक्र किया और कहा कि एक भारतीय ने दुनिया को एक बहुत बड़ी वैश्विक त्रासदी से बचा लिया है।

पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित के परिवार से फोन पर की बात

कैप्टन स्मित की वीरता को सलाम करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके परिवार के प्रति भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित के पिता भूपेंद्र, माता गीता और पत्नी सोनल से फोन पर बात कर पायलट के स्वास्थ्य का हालचाल जाना। प्रधानमंत्री ने परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि विदेश में स्थित भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर उनके इलाज और सहायता के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी देशवासियों से अपील की कि वे जांबाज कैप्टन के दीर्घायु होने, उत्तम स्वास्थ्य और जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना करें।

क्या था पूरा मामला?

बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव (इजरायल) जा रही थी, जब लगभग 34,000 फीट की ऊंचाई पर कॉकपिट के भीतर को-पायलट ने मुख्य कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। खून से लथपथ होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने नियंत्रण नहीं खोया और सूझबूझ दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने हमलावर को दबोच लिया। विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंड कराया गया, जहां फिलहाल कैप्टन स्मित का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।