TIL Desk दोहा :👉राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में रविवार को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान-ए ने भारत-ए को 48 रनों से हरा दिया। कप्तान तिलक वर्मा की संघर्षपूर्ण शतकीय पारी के बावजूद भारतीय टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान-ए ने निर्धारित स्कोर खड़ा किया, जिसमें यूसुफ ने 48 गेंदों पर दो छक्कों और चार चौकों की मदद से 56 रन बनाए। भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि आयुष बडोनी को एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 49.1 ओवर में 265 रनों पर सिमट गई। शुरुआत बेहद खराब रही और वैभव सूर्यवंशी 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आयुष बडोनी खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार अंदाज में 42 गेंदों पर छह छक्कों और छह चौकों की मदद से 70 रन बनाए और तिलक के साथ 67 रन जोड़े। अभिषेक के आउट होने के बाद मध्यक्रम लड़खड़ाया और 25.3 ओवर में भारत के छह विकेट 129 रन पर गिर गए।

मुश्किल घड़ी में तिलक वर्मा ने शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 108 गेंदों में 112 रनों की साझेदारी कर उम्मीद जगाई। शाहबाज 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। तिलक आखिरी विकेट के रूप में 149 गेंदों पर 100 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल था। पाकिस्तान की गेंदबाजी में अली रजा और हसन नवाज ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद इमरान को दो विकेट मिले।

मैच के बाद तिलक वर्मा ने कहा कि जब वे रन गति बढ़ाने वाले थे, तभी शाहबाज का विकेट गिर गया। उन्होंने माना कि अन्य बल्लेबाजों से थोड़ा और साथ मिलता तो मैच समाप्त किया जा सकता था, लेकिन टीम हारने पर व्यक्तिगत शतक मायने नहीं रखता। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान-ए ने 49.2 ओवरों में 313 रन का लक्ष्य दिया था |