TIL Desk लखनऊ/कानपुर:👉कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के कानपुर चरण के मुकाबले में शनिवार को लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मावेरिक्स आमने-सामने हैं। मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
मैच की औपचारिक शुरुआत एनसीसी ग्रुप मुख्यालय कानपुर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार शास्त्री ने टॉस कराकर की। इसके बाद पारंपरिक तरीके से घंटा बजाकर मुकाबले का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार शास्त्री ने कहा कि ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित मैदान पर यूपी टी-20 लीग के मुकाबलों का आयोजन कानपुर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध कराती हैं। साथ ही क्रिकेट के प्रति नई पीढ़ी में उत्साह और आकर्षण भी बढ़ता है।
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर चरण के साथ लीग अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है और ऐसे में हर मुकाबले का महत्व काफी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर खेलना खिलाड़ियों के लिए विशेष अनुभव है और यहां उन्हें दबाव भरे बड़े मुकाबलों में अपनी क्षमता साबित करने का शानदार अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग लगातार प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने का मंच प्रदान कर रही है। लीग के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, वेन्यू डायरेक्टर संजय तिवारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।














